Sunday, June 19, 2016

चेतन चौहान बने निफ्ट के चेयरमैन, सोशल मीडिया पर उड़ा मजाक

नई दिल्ली (सं.सू.)। दो बार भाजपा सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन चौहान को मोदी सरकार ने एक नई जिम्‍मेदारी दी है। चेतन को नेशनल इंस्‍टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्‍नोलॉजी का चेयरमैन बनाया गया है। पूर्व क्रिकेटर ने इस नई जिम्‍मेदारी के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को बधाई दी है।
चेतन चौहान ने शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मैं इस जिम्‍मेदारी को निभाने के लिए प्रधानमत्री मोदी को आभारी हूं। पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि मुझे केंद्र सरकार ने इस रोल के लिए चुना है। मिनिस्ट्री ऑफ टेक्सटाइल ने इस पद के लिए नाम भेजे थे। पार्टी के लोगों को इसमें तरजीह दी गई। 40 टेस्ट मैच खेल चुके चौहान ने बताया कि क्रिकेटिंग और बैंकिंग अनुभव के आधार पर उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि लोग उन्हें चेयरमैन बनाए जाने पर सोशल मीडिया पर खूब मजाक भी उड़ा रहे हैं। ट्‍विटर #NIFT ट्रेंड होने लगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप प्रमुख अरविन्द केजरीवाल ने चौहान की नियुक्त पर सवाल खड़े किए और नरेंद्र मोदी सरकार पर प्रतिष्ठित संस्थानों में ‘चापलूसों’ को एकत्र करने का आरोप लगाया। चौहान दिल्ली एवं जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) के उपाध्यक्ष भी हैं।

केजरीवाल ने ट्वीट किया कि मोदीजी ने चुनकर चापलूसों की एक फौज एकत्र कर ली है। गजेंद्र चौहान, चेतन चौहान, पहलाज निहलानी, स्मृति ईरानी। उन्होंने अपने ट्वीट में मीडिया से जुड़े एक व्यक्ति का भी नाम लिया। आप ने नियुक्ति पर उपहास करते हुए कहा कि क्या लेखक चेतन भगत को आरबीआई का अगला गवर्नर, अभिनेता अनुपम खेर को इसरो का अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे को एनआईए का प्रमुख बनाया जाएगा।

आप प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कहा कि चौहान की नियुक्ति एफटीआईआई और सीबीएफसी जैसे संस्थानों में की गई नियुक्तियों के समान है। यह बकवास है। वे (चौहान) फैशन के बारे में ‘एफ’ नहीं जानते और उनकी नियुक्ति को अमित शाह तथा मोदी का आशीर्वाद प्राप्त है। इस प्रमुख संस्थान की स्थापना 1986 में हुई थी और इसके देशभर में केंद्र हैं। यह केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के तहत आता है। एनआईएफटी कानून 2006 के अनुसार संस्थान के संचालन मंडल का अध्यक्ष कोई प्रख्यात शिक्षाविद, वैज्ञानिक या तकनीकीविद या पेशेवर होगा तथा विजिटर अध्यक्ष को नामित करेंगे। राष्ट्रपति इस संस्थान के विजिटर हैं।

No comments:

Post a Comment