Showing posts with label आमिर खान के बयान पर साथियों ने पूछा- कहाँ है असहिष्णुता?. Show all posts
Showing posts with label आमिर खान के बयान पर साथियों ने पूछा- कहाँ है असहिष्णुता?. Show all posts

Tuesday, November 24, 2015

आमिर खान के बयान पर साथियों ने पूछा- कहाँ है असहिष्णुता?

नई दिल्ली (सं.सू.)। बॉलिवुड स्टार आमिर खान अपनी पत्नी के साथ देश छोड़नेवाले बयान पर अपने ही साथियों से घिर गए हैं। आमिर ने रविवार को बयान दिया था कि उनकी पत्नी किरण ने उनसे देश छोड़ने की बात कही था,क्योंकि वह अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित थीं। आमिर ने भी उनकी असहिष्णुता के मामले पर अवॉर्ड वापसी का समर्थन किया था। इस मामले पर सबसे पहले अनुपम खेर ने पूछा था कि आमिर की पत्नी किस देश में जाना चाहती हैं।
आमिर के बयान पर विरोध जतानेवालों में अब कई और फिल्मी हस्तियाँ भी शामिल हो गई हैं। डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा,ऐक्टर और बीजेपी सांसद परेश रावल,ऐक्टर ऋषि कपूर और रवीना टंडन के अलावा ऐक्टर और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी ट्विटर पर इसके खिलाफ अपनी तीखी प्रतिक्रियाएँ व्यक्त की हैं।
बॉलिवुड स्टार ऋषि कपूर ने आमिर के बयान पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने ट्विटर पर अपनी भड़ास निकालते हुए उन्होंने लिखा है,'मिस्टर और मिसेज आमिर खान,जब सारी चीजें उल्टी चलने लगें और सिस्टम में सुधार की आवश्यकता हो तो इसे सही करें,दुरूस्त करें। इससे दूर न भागें। यही बहादुरी है!'
ऐक्ट्रेस रवीना टंडन ने भी आमिर के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है,'जो लोग मोदी को पीएम नहीं देखना चाहते हैं वे चाहते हैं कि मौजूदा सरकार गिर जाए। दुर्भाग्य से राजनीति के लिए ऐसे लोग देश को शर्मसार कर रहे हैं।'
रवीना ने लिखा,'ये लोग पूरे देश को शर्मसार करने की बजाए यह खुलकर क्यों नहीं कहते कि वे मोदी के पीएम बनने से खुश नहीं हैं।'
रामगोपाल वर्मा ने ट्विटर पर आमिर खान के बयान पर आपत्ति जताते हुए लिखा,'यदि आमिर,शाहरुख और सलमान,जो कि मुस्लिम हैं और हिंदू देश भारत के सबसे बड़े स्टार हो सकते हैं,तो मुझे यह समझ नहीं आता कि असहिष्णुता कहां है?'
लोकसभा सांसद और अभिनेता परेश रावल आमिर के बयान पर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि आमिर एक फ़ाइटर हैं इसलिए उन्हें जाना नहीं चाहिए बल्कि देश की स्थिति बदलनी चाहिए! जीना यहां मरना यहां! एक सच्चा देशभक्त अपनी मातृभूमि को परेशानी में (अगर ऐसा है) छोड़कर कभी नहीं जाएगा। भागिए नहीं, देश बनाइए। अगर मैं ये मानता हूं कि ये मेरी मातृभूमि है तो देश छोड़कर जाने की बात कभी नहीं करूंगा।
उन्होंने टीवी चैनल पर दिए बयान में कहा,'मातृभूमि को कोई छोड़कर नहीं जाता। आमिर खुद बताएँ वह क्या सोचते हैं। यह सब प्लांटेड है। क्या मोदी सरकार के आने से पहले देश में राम राज्य था?'
इसके बाद उन्होंने इस मुद्दे पर एक और ट्विट किया,जिसमें लिखा है,'असहिष्णुता! आमिर की फिल्म 'पीके' में हिंदू धर्म का अच्छा खासा मजाक बनाया गया है। इसके बावजूद भी उन्हें हिंदुओं के गुस्से का सामना नहीं करना पड़ा और उनकी फिल्म सुपरहिट हुई और करोड़ों रुपए की कमाई की।
मीडिया से हुई बातचीत में अभिनेता मनोज तिवारी ने भी आमिर के इस बयान पर गहरी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है,'मैं आमिर के कॉमेंट से दुखी और हैरान हूँ। आमिर ने ऐसा बयान देश को कलंकित किया है। उन्होंने गलत किया है। मैं यह सोच रहा हूँ कि मेरे जैसे लोग जिन्होंने उन्हें इतना प्यार दिया,इतना सम्मान दिया,उन पर यह सुनकर क्या गुजर रही होगी।'
वहीं, आमिर के विरोध में डायरेक्टर-प्रड्यूसर रामगोपाल वर्मा ने ट्वीट किया- अगर किसी हिन्दू बहुसंख्यक देश के तीन सुपरस्टार मुस्लिम हो सकते हैं तो यह अपने आप में साबित करता है कि मजोरिटी असहिष्णु नहीं है।
इससे पहले एक और ट्वीट करके उन्होंने कहा- आमिर, शाहरुख और सलमान खान तीनों मुस्लिम हैं और हिन्दू राष्ट्र के सबसे बड़े स्टार हैं। क्या यह बात यह साबित करने के लिए काफी नहीं है कि भारत सहिष्णु है?
फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा- अब जब आमिर खान को भी यह लगता है कि हम असहिष्णु राष्ट्र हैं, हम सबको सामने आकर यह साबित कर देना चाहिए कि हम वाकई कितने असहिष्णु हैं। एक अन्य ट्वीट में पंडित ने कहा- आमिर खान एक सुपरस्टार हैं जिन्हें भारत भर में प्यार किया जाता है और सराहा जाता है। ऐसे में असहिष्णुता कहां हैं।