Showing posts with label इंटर साइंस टॉपर शिवानी की राह में बोर्ड बना रोड़ा. Show all posts
Showing posts with label इंटर साइंस टॉपर शिवानी की राह में बोर्ड बना रोड़ा. Show all posts

Thursday, June 30, 2016

इंटर साइंस टॉपर शिवानी की राह में बोर्ड बना रोड़ा

पटना (सं.सू.)।  बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने टॉपर घोटाले को लेकर इंटर साइंस टॉपर शिवानी सिंह सहित विशुन राय कॉलेज के सभी परीक्षार्थियों के रिजल्ट पर रोक लगा रखी है। शिवानी और अमन सहित कई विद्यार्थी ऐसे हैं जो जेईई मेंस और एडवांस की परीक्षा पास कर चुके हैं। आइआइटी-एनआइटी में दाखिले के लिए इन बच्चों को एक से पांच जुलाई के बीच सारे कागजात जमा करने हैं, मगर रिजल्ट पर रोक से इनका भविष्य लटक गया है।
शिवानी को इंटर की परीक्षा में 417 अंक मिले हैं और वह इंटर साइंस टॉपरों की सूची में सातवें स्थान पर है। मेरिट घोटाले के बाद बिहार बोर्ड द्वारा विशेष जांच परीक्षा में शिवानी को बुलाया गया था। इसमें जांच के उपरांत शिवानी को सफल घोषित किया गया था। इसके बावजूद शिवानी का रिजल्ट रोक दिया गया है। जेईई एडवांस में उसकी 12000 रैंक आई है। शिवानी के पिता श्रीनिवास सिंह का कहना है कि विशुन राय कॉलेज के 15 छात्रों ने इंटर की परीक्षा पास करने के साथ-साथ जेईई परीक्षा में भी सफलता हासिल की है, लेकिन बोर्ड द्वारा रिजल्ट पर रोक लगा देने से छात्रों की परेशानी बढ़ गई है।
 शिवानी के अलावा विशुन राय कॉलेज के छात्र अमन कुमार एवं अंशुल कुमार का भी रिजल्ट रोका गया है। अमन को इंटर विज्ञान की परीक्षा में 395 एवं अंशुल को 409 अंक हासिल हुए हैं। इन दोनों छात्रों ने भी जेईई की परीक्षा में सफलता हासिल की है, लेकिन बिहार बोर्ड द्वारा रिजल्ट पर रोक लगाने से सभी परेशान हैं। अमन कुमार के पिता अजय कुमार का कहना है कि पिछले पन्द्रह दिनों से बोर्ड का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन बोर्ड द्वारा रिजल्ट नहीं जारी किया जा रहा है। एक से पांच जुलाई तक जेईई पास छात्रों को अपने कागजात जमा करने हैं। अगर इस अवधि में कागजात जमा नहीं किए गए तो छात्रों की सारी मेहनत बेकार हो जाएगी।