Showing posts with label एसपी. Show all posts
Showing posts with label एसपी. Show all posts

Wednesday, January 27, 2016

मंदिर स्थल पर नागरिकों ने सड़क जाम किया,जान बचाकर भागे डीएम,एसपी

हाजीपुर (सं.सू.)। सड़क पर स्थित मंदिर तोड़ने का विरोध कर रहे हाजीपुरवासियों का आक्रोश आज समय गुजरने के साथ ही बढ़ता जा रहा है। शहरवासियों ने एएसपी की गाड़ी जलाने के बाद एक ट्रैक्टर को भी जला डाला तथा छपरा टाऊन थाना के सब इंस्पेक्टर संजय सिंह की सर्विस रिवाल्वर भी छीन ली। लोग इस कदर नाराज थे डीएम और एसपी को भी जान बचाकर भागना पड़ा।
मंदिर को बचाने को ले स्थानीय लोगों ने सुबह से हाजीपुर-लालगंज सड़क को जाम कर रखा है। लोगों का कहना है कि वे किसी भी हाल में मंदिर को हाथ नहीं लगाने देंगे।
इस बीच तिरहुत के कमिश्नर अतुल प्रसाद,आईजी पारसनाथ और डीआईजी हाजीपुर पहुँच गए हैं और इस मुद्दे पर सर्किट हाऊस में हाई लेवल मीटिंग जारी है।
विदित हो कि पाँच दिन पहले भी काफी संख्या में पुलिस बल को भेजकर मंदिर तोड़ने की नाकाम कोशिश की गई थी। तब भी नागरिकों ने पुलिस को सिर पर पाँव रखकर वापस लौटने को मजबूर कर दिया था। जिसके बाद हाईकोर्ट ने वैशाली डीएम रचना पाटिल और नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी को जमकर फटकार लगाते हुए बिहार के मुख्य सचिव,गृह सचिव और नगर विकास के प्रधान सचिव को 27 फरवरी को कोर्ट में तलब किया है।
इस बीच पुलिस ने मंदिर तोड़ने के विरोध में आंदोलन कर रहे वार्ड पार्षद सुभाष निराला को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल पर कई जिलों की पुलिस कैंप कर रही है।