Showing posts with label कालाधन रखने वालों के आएंगे बुरे दिन-जेटली. Show all posts
Showing posts with label कालाधन रखने वालों के आएंगे बुरे दिन-जेटली. Show all posts

Tuesday, November 3, 2015

कालाधन रखने वालों के आएंगे बुरे दिन-जेटली

नई दिल्ली (सं.सू.)। टैक्स चोरी करने और काला धन जमा करने वालों की अब खैर नहीं। केंद्र सरकार काली कमाई रखने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने जा रही है। वित्त मंत्री अरुण जेटली के मुताबिक, काले धन के बारे में विश्व स्तर पर सूचनाओं के आदान-प्रदान की प्रक्रिया शुरू होने के एक-दो साल के भीतर ही महत्वपूर्ण परिणाम आएंगे। 1वित्त मंत्री ने सोमवार को यहां ‘नेटवर्किंग द नेटवर्क’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस दिशा में जो कार्रवाई की जा रही है, उससे वे संतुष्ट हैं। अगले एक दो वर्ष में इस दिशा में नतीजे देखने को मिलेंगे। वैश्विक स्तर पर सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था शुरू होने पर रीयल टाइम में जानकारी मिल सकेगी। इससे कानून का उल्लंघन करने वाले बेहद मुश्किल में आने जा रहे हैं। विकसित और प्रमुख उभरते देशों के समूह जी-20 की पहल के बाद दुनियाभर में कहीं भी टैक्स चोरी कर धन जमा करना मुश्किल हो रहा है। कई अन्य अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भी काले धन की समस्या के निदान के लिए आपसी सहयोग कर रही हैं।

जेटली के अनुसार दुनिया अब ऐसी व्यवस्था की ओर बढ़ रही है, जहां आप कमाई करके अपनी धनराशि किसी और देश में भेजकर उस मुल्क के पूंजी आधार का क्षरण नहीं कर सकते। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में जी-20 की बैठक में सभी देशों ने 2017-18 से सूचनाओं के स्वत: आदान-प्रदान के लिए सहमति जताई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी बैठक में काले धन का मुद्दा उठाया था। अब 90 देश व स्वायत्त क्षेत्र सूचनाओं के आदान- प्रदान करने को तैयार हो गए हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय खुफिया समन्वय केंद्र की स्थापना होने पर काले धन और कर चोरी के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग बेहतर हो जाएगा।