Showing posts with label किस थाने में चार मुस्लिम सिपाही नहीं. Show all posts
Showing posts with label किस थाने में चार मुस्लिम सिपाही नहीं. Show all posts

Saturday, May 14, 2016

किस थाने में चार मुस्लिम सिपाही नहीं, बोलो, तैनाती करवा दें-मुलायम

लखनऊ (सं.सू.)। 'समाजवादी पार्टी सरकार ने मुसलमानों का मस्तक हमेशा ऊंचा रखने का काम किया है। उपेक्षित हो रहे मुसलमानों का उत्पीड़न न होने पाए, इसलिए राज्य सरकार ने हर थाने में मुसलमान सिपाहियों की तैनाती अनिवार्य रूप से की है।' समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव यह कहते हुए पत्रकारों से सवाल करते हैं कि बताइए कि किस थाने में तीन से चार सिपाही मुसलमान नहीं हैं। जहां कम हों बताइए वहां और तैनाती करवा दें।

बेनी प्रसाद वर्मा आज समाजवादी पार्टी में फिर शामिल हो गए। इस मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने बेनी के साथ-साथ आजम खां की भी जमकर तारीफ की। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार में मुसलमानों में सुरक्षा का हौसला बढ़ा है।

सपा मुखिया ने आज मीडिया से बात करते हुए जहां समाजवादी पार्टी के गठन के बारे में बताया वहीं मोहम्मद आजम खां को भी बराबर तवज्जो देते रहे। मुलायम ने कहा कि हमने जब पार्टी बनाने की तैयारी की थी, तो बेनी प्रसाद वर्मा ने ही समाजवादी पार्टी का नामकरण किया था।

मुलायम के यह कहते ही मोहम्मद आजम खां से रहा नहीं गया और वे बोल पड़े, कि नेताजी यह भी बताइए कि हमने समाजवादी पार्टी का नामकरण किया था। चट से मुलायम सिंह ने अपनी अगली बात रोककर कहा कि यह तो है ही, आजम खां साहब ने समाजवादी पार्टी का बेहतरीन संविधान बनाया था। उसके बाद मुलायम सिंह यादव मोहम्मद आजम खां के कसीदे गढ़ने लगे।