Showing posts with label जंगलराज के दौरान सबसे ज्यादा नुकसान वैश्य समाज को हुआ-संघी. Show all posts
Showing posts with label जंगलराज के दौरान सबसे ज्यादा नुकसान वैश्य समाज को हुआ-संघी. Show all posts

Friday, October 30, 2015

जंगलराज के दौरान सबसे ज्यादा नुकसान वैश्य समाज को हुआ-संघी

मुजफ्फरपुर (सं.सू.)। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद डॉ. गिरीश कुमार संघी ने कहा कि कश्मीर से ज्यादा खूबसूरत बिहार है। यह किसी भी मामले में कम नहीं है, लेकिन जिस तरह से कश्मीर को आतंकियों ने बर्बाद किया, उसी तरह से बिहार को लालू और नीतीश ने बर्बाद कर दिया।

जनसंपर्क अभियान के तहत संघी ने वैश्य समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक की। आरोप लगाया कि राजद के 15 साल के शासन के दौरान सबसे अधिक नुकसान वैश्य समाज को ही हुआ। अपहरण, रंगदारी व हत्या से यह समाज तबाह हो गया। कुछ लोग तो पलायन के लिए मजबूर हुए। नीतीश कुमार एक बार फिर जंगलराज लाने के लिए उतावले हैं। स्वार्थ व कुर्सी के लिए लालू से समझौता किया है, लेकिन जनता जंगलराज की वापसी नहीं चाहती और नया बिहार बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। बिहार में राजग की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए तीन चरणों में रिकॉर्ड मतदान हुए हैं। आठ नवंबर को जब चुनाव परिणाम घोषित होगा तो भाजपा गठबंधन की जीत होगी और सरकार बनेगी।

बकौल संघी, मुजफ्फरपुर शहर सहित जिला के सभी 11 सीटों पर वैश्य समाज एकजुट होकर भाजपा और उसके सहयोगी दलों के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करेगा। लोकसभा चुनाव का भी रिकॉर्ड टूटने वाला है। जब तक बिहार का विकास नहीं होगा, देश का विकास संभव नहीं है। मोदी ने बिहार के साथ जो वादा किया, उसे पूरा कर रहे हैं। राज्य को विशेष पैकेज दिया है। इससे बिहार के विकास की गति तेज होगी और पढ़ाई, कमाई व दवाई के लिए लोगों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा।