Showing posts with label पुतिन बोले-विमान उड़ानेवाले आतंकी जहां भी छिपे हों. Show all posts
Showing posts with label पुतिन बोले-विमान उड़ानेवाले आतंकी जहां भी छिपे हों. Show all posts

Tuesday, November 17, 2015

पुतिन बोले-विमान उड़ानेवाले आतंकी जहां भी छिपे हों, मार देंगे

मास्को (सं.सू.)। पिछले महीने रूस का जो विमान मिस्र के सिनाई में गिरा था, वह आतंकी हमला ही था। 17 दिन की जांच के बाद रूसी खुफिया प्रमुख अलेक्सांद्र बोर्तिनकोव ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यह जानकारी दी। 31 अक्टूबर को हुए इस हमले में विमान में सवार सभी 224 लोगों की मौत हो गई थी। इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली थी।

जानकारी मिलते ही पुतिन आगबबूला हो गए। उन्होंने अपनी खास टीम को आदेश दिया है कि विमान को उड़ाने वाले लोग जहां कहीं भी हों, उन्हें ढूंढ़ा जाए और सबक सिखाया जाए। पुतिन ने बाकायदा फेडरल सिक्योरिटी सर्विस की ओर से आधिकारिक बयान जारी करवाया। इसमें कहा गया है कि 'हमें उनके नाम जानने की जरूरत है। वे जहां भी छिपे होंगे, हम उन्हें हर जगह ढूंढ़ेंगे। हम धरती पर किसी भी जगह जाएंगे और उन्हें सजा देंगे।

रूसी सरकार ने उन आतंकियों पर 50 लाख डॉलर का इनाम भी रखा है। कहा है कि जो कोई भी आतंकियों तक पहुंचने में मदद करेगा, उसे यह इनाम दिया जाएगा। पुतिन ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब रूस किसी बर्बर आतंकी हमले का सामना कर रहा है। हमें सबक सिखाना आता है।

पुतिन ने विदेश मंत्रालय को भी इस ऑपरेशन से जोड़ दिया है। उन्होंने मंत्रालय से कहा है कि रूस के सभी सहयोगी देशों से संपर्क साधा जाए और उनसे कहा जाए कि इन हत्यारों को खोजने और उन्हें पकड़ने में रूस की हर संभव मदद करें।

रूस की खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि विमान पर एक देसी बम रखा गया था। बोर्तनिकोव ने कहा, 'एक किलो टीएनटी शक्ति का एक देसी विस्फोटक विमान पर फटा। इसी कारण विमान के परखच्चे उड़ गए। मैं निश्चित कह सकता हूं कि यह एक आतंकवादी करतूत थी ।' विमान के ब्लैक बॉक्स से भी बम के संकेत मिले थे।