Showing posts with label बैरंग लौटी फोरेंसिक टीम. Show all posts
Showing posts with label बैरंग लौटी फोरेंसिक टीम. Show all posts

Sunday, February 14, 2016

RJD विधायक समर्थकों ने पुलिस को दिखाई औकात,बैरंग लौटी फोरेंसिक टीम


नवादा (सं.सू.)। नाबालिग लड़की (छात्रा) से दुष्कर्म के मामले की जांच करने रविवार को नवादा  के विधायक राजबल्लभ प्रसाद के आवास पर पहुंची फोरेंसिक टीम को बिना जांच  किये ही लौटना पड़ा। स्थानीय स्तर पर तैनात दंडाधिकारी ने विधायक के कमरे  को खोलने संबंधी कोई आदेश नहीं मिलने की बात कह कर कमरा खोलने से टीम को रोक दिया।  इसके बाद विधायक के समर्थक भी विरोध करने लगे। इसके कारण  बिहारशरीफ की  महिला थानाध्यक्ष मृदुला कुमारी के साथ आयी फोरेंसिक टीम बगैर जांच किये ही  लौट गयी। टीम में शामिल अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय थानाध्यक्ष ने कोई  सहयोग नहीं किया। इससे जांच नहीं हो पायी। दोपहर 1:10 बजे फोरेंसिक  जांच टीम के साथ महिला थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर मृदुला कुमारी विधायक  राजबल्लभ प्रसाद के पथरा इंगलिश स्थित आवास पर पहुंचीं। वह मौके पर पहले से  तैनात दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह व मुफस्सिल  थानाध्यक्ष राकेश रंजन के साथ विधायक के उक्त कमरे का ताला खोलने के लिए  आगे बढ़ीं, जहां नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने की बात कही जा रही है।

फोरेंसिक टीम के साथ महिला थानाध्यक्ष विधायक के कमरे तक पहुंचीं, लेकिन  दंडाधिकारी ने किसी वरीय अधिकारी से कमरा खोलने का आदेश नहीं मिलने की बात  कह कर हाथ खड़े कर दिये। इसके बाद विधायक के समर्थक  भी बिना किसी आदेश के  कमरा खोलने का विराेध करने लगे। महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि विधायक के दो  लोगों की मौजूदगी में घटनास्थल की फोरेंसिक जांच की जानी है, जबकि विधायक  समर्थकों का कहना था कि एफआइआर में घटनास्थल गिरियक बताया गया है, तो फिर  विधायक आवास की जांच क्यों होनी चाहिए।  राजद के जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव  ने कहा कि जब तक किसी वरीय अधिकारी या न्यायालय से कमरे का सर्च वारंट नहीं  जारी होगा, तब तक विधायक के कमरे की जांच नहीं करने दी जायेगी।

इधर महिला अधिकारी ने मीडिया को बताया कि अनुसंधान के क्रम में फोरेंसिक जांच के लिए किसी के आदेश की आवश्यकता नहीं होती है। उन्होंने बताया कि मुफस्सिल  थानाध्यक्ष ने जांच में सहयोग करने की बात कह कर बुलाया था, लेकिन यहां  आने पर उनका सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों को अवगत  कराया जायेगा।

इधर विधायक के समर्थकों का कहना था कि साजिश के तहत विधायक को फंसाया गया है। उन्होंने चेताया कि अगर विधायक को इस मामले से  अलग नहीं किया गया, तो हम आंदोलन करने पर विवश होंगे।

एडीजी मुख्यालय सुनील कुमार के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने विधायक राजबल्लभ यादव के पटना के अनिसाबाद की पुलिस कॉलोनी स्थित उनके आवास पर भी छापेमारी की । एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि छापेमारी के दौरान उनके आवास से किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया है़   पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए  संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।