Showing posts with label भारत-पाक समग्र वार्ता को रजामंद. Show all posts
Showing posts with label भारत-पाक समग्र वार्ता को रजामंद. Show all posts

Wednesday, December 9, 2015

भारत-पाक समग्र वार्ता को रजामंद

नई दिल्ली (सं.सू.)। भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों को सुधारने के लिए फिर से समग्र वार्ता का दौर शुरू होने जा रहा है। बुधवार को इस्लामाबाद में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पाकिस्तान के विदेश मंत्री सरताज अजीज के बीच हुई बैठक में इसकी सहमति बन गई है। भारत जहां जम्मू व कश्मीर पर वार्ता को तैयार है, वहीं पाकिस्तान ने मुंबई हमले के दोषियों को जल्द सजा दिलाने की बात कही है। दोनों देश कश्मीर से लेकर आतंकवाद तक और सियाचिन से लेकर आर्थिक सहयोग तक हर मुद्दे पर नए सिरे से सचिवों की अगुआई में बातचीत का श्रीगणोश करेंगे।

हार्ट ऑफ एशिया सम्मेलन में हिस्सा लेने पाकिस्तान पहुंची स्वराज ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले साल सितंबर में संभावित दक्षेस शिखर सम्मेलन के लिए पाकिस्तान जाने वाले हैं। 12 साल में पहली बार किसी भारतीय पीएम की पाकिस्तान यात्र होगी। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पाकिस्तान गए थे। स्वराज से जब पत्रकारों ने मोदी की पाक यात्रा के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ‘वह आएंगे।’ देर शाम सुषमा की अगुआई में भारतीय दल ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री सरताज अजीज से मुलाकात की।

बैठक के बाद स्वराज ने कहा, ‘भारत और पाकिस्तान समग्र वार्ता फिर शुरू करने को तैयार हो गए हैं। दोनों देशों के विदेश सचिवों को समग्र का समय और मुद्दे तय करने को कहा गया है।’ विदेश मंत्रलय की तरफ से बताया गया है कि सुषमा और सरताज ने आतंकवाद पर बात की और इसकी निंदा करते हुए इसके खात्मे के लिए सहयोग की मंशा जताई। बैंकाक में दोनों देशों के एनएसए स्तर पर शुरू हुआ बातचीत का दौर जारी रहेगा। एनएसए स्तर पर ही आतंक के खिलाफ मुद्दों को सुलझाया जाएगा। विदेश सचिव आगे जम्मू व कश्मीर, सियाचिन, सर क्रीक, वुल्लर ब्रिज, आर्थिक व वाणिज्यिक सहयोग, आतंकरोधी सहयोग और जनता के बीच संवाद बढ़ाने पर बातचीत शुरू करने का रोडमैप बनाएंगे। हार्ट ऑफ एशिया बैठक में भाग लेने इस्लामाबाद पहुंची स्वराज ने पाकिस्तान की तरफ दोस्ती का नया हाथ बढ़ाया है। पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ और विदेश मंत्री सरताज अजीज से सद्भावपूर्ण बातचीत हुई है।