Showing posts with label भूमि विवाद में गोलीबारी. Show all posts
Showing posts with label भूमि विवाद में गोलीबारी. Show all posts

Sunday, January 17, 2016

भूमि विवाद में गोलीबारी, बच्चा हुआ जख्मी

हाजीपुर (सं.सू.)। हाजीपुर गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के दिवानटोक गांव में रविवार को दिनदहाड़े एक बालक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। गंभीर स्थिति में इलाज के लिए उसे परिजनों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में देर शाम तक प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी जा सकी है। घटना के संबंध में गंगाब्रिज थानाध्यक्ष मो. शाहनवाज ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला भूमि विवाद का मालूम पड़ता है लेकिन मामला दर्ज होने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है।

घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार दिवानटोक गांव निवासी स्वामी नाथ का 14 वर्षीय पुत्र शशिकांत रविवार की दोपहर अपने घर के निकट ही स्थित बथान में पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान उसके ऊपर गोली चली लेकिन वह समझ नहीं पाया। पहली गोली बथान के खंभा से टकरा कर छिटक गयी। वह जब तक कुछ समझ पाता कि दूसरी गोली चली उसके पैर में लगी। गोली का छर्रा उसके शरीर में कई जगह लगा। दिनदहाड़े गांव में चली गोली से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण भी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग खड़े हुए। बालक के चिल्लाने पर परिजन एवं आसपास के लोग जुटे लेकिन तब तक हमलावर भाग निकला। बालक को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल बालक ने बताया कि वह दूसरी दिशा की ओर मुंह करके पढ़ाई कर रहा था जिसके कारण वह गोली चलाने वाले को नहीं देख सका।