Showing posts with label रमजान में बेगुनाहों को मारनेवाले किस तरह के मुसलमान?. Show all posts
Showing posts with label रमजान में बेगुनाहों को मारनेवाले किस तरह के मुसलमान?. Show all posts

Saturday, July 2, 2016

शेख हसीना बोलीं,रमजान में बेगुनाहों को मारनेवाले किस तरह के मुसलमान?

ढाका (सं.सू.)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के उच्च सुरक्षा वाले राजनयिक क्षेत्र के एक लोकप्रिय रेस्तरां पर आतंकी हमले पर प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हमले पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है।

हसीना ने कमांडो अभियान पूरा होने के एक घंटे बाद एक कार्यक्रम में कहा कि मैं अल्लाह का शुक्र अदा करती हूं कि हम आतंकवादियों को खत्म करने और बंधको को बचाने में कायमयाब रहे। उन्होंने कहा कि हमने 13 बंधकों को बचा लिये जिनमें कुछ लोग घायल हैं, लेकिन मौके से कोई आतंकी फरार नहीं हो पाया। छह आतंकवादियों को मौके पर ही मार दिया गया और एक को जीवित पकड़ लिया गया। हसीना ने इस प्रकरण में मारे लोगों की कोई साफ संख्या नहीं बताई।

हसीना ने चरमपंथ और आतंकवाद को खत्म करने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आतंकवादियों और हिंसक चरमपंथियों का सफाया करने के लिए सब कुछ करेगी।

आतंकवादियों की मुस्लिम पहचान को लेकर सवाल करते हुए हसीना ने कहा कि वे किस तरह के मुसलमान हैं जो रमजान के पवित्र महीने में बेगुनाह इंसानों की हत्या करते हैं? उन्होंने रमजान के असल संदेश को उल्लंघन किया है। उनका कोई धर्म नहीं है। आतंकवाद ही उनका धर्म है।


बांग्लादेशी प्रधानमंत्री ने इसका ब्यौरा नहीं दिया कि रेस्तरां के भीतर कुल कितने लोग बंधक बनाए गए थे। पहले की खबरों में कहा गया था कि 30 से अधिक बंधक हैं जिनमें 20 विदेशी नागरिक हैं। रेस्तरां से बचाए गए लोगों में भारतीय, श्रीलंकाई और जापानी नागरिक हैं।