Showing posts with label राजद समर्थक दबंगों की पिटाई से परिवार ने छोड़ा गांव. Show all posts
Showing posts with label राजद समर्थक दबंगों की पिटाई से परिवार ने छोड़ा गांव. Show all posts

Sunday, December 20, 2015

राजद समर्थक दबंगों की पिटाई से महादलित परिवार ने छोड़ा गांव


अतरी (सं.सू.)। अतरी थाना की कजूर पंचायत के फूल बिगहा गांव में विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल को वोट नहीं देने पर शनिवार की रात दबंगों ने महादलित परिवार के लोगों को लाठी -डंडे से जमकर पीटा और घर में रखा सामान उठा ले गए। पिटाई से एक महिला समेत आठ लोग घायल हैं। इलाज जयप्रकाश नारायण अस्पताल में चल रहा है। पीड़ितों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। पुलिस इसे फसल चराने का विवाद मान रही है।

पिटाई से घायल सुनील राजवंशी (38), हरि राजवंशी (65), दीपू राजवंशी (30), उत्तम राजवंशी (32), नगीना राजवंशी (42), राजेश राजवंशी (28), पिन्टू राजवंशी (25) एवं किरण देवी (32) का इलाज चल रहा है। पीड़ित सुनील राजवंशी और राजेश ने बताया कि सभी लोगों खाना खाने के बाद सो रहे थे। तभी अचानक 15-20 की संख्या में लाठी-डंडा से लैस दबंग आए और घर में घुसकर मारपीट करने लगे। कहा कि तुम लोगों ने हमारी पार्टी को वोट नहीं दिया है। इस कारण पिटाई की जा रही है।

पिटाई से भयभीत महादलित परिवार के महिला और बच्चों ने अपना गांव छोड़कर दूसरे गांव कजूर में शरण ले ली है। चिन्ता देवी, गीता देवी, मालती देवी ने कहा कि हम सभी दबंगों से भयभीत हैं। पुलिस हमारा साथ नहीं दे रही है।

उधर,अतरी की राजद विधायक कुंती देवी का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो यह गलत काम है। कुछ लोग पार्टी को बदनाम करने के लिए इस तरह घटना का अंजाम देते है।

वहीं,डीएसपी, नीमचक बथानी विद्यासागर ने कहा कि वोट के लिए मारपीट नहीं हुई है। घटना का कारण फसल चराने को लेकर विवाद है। जहां तक महिला एवं बच्चों के गांव छोड़ने की बात है तो पुलिस गांव में जाकर जांच जल्द से जल्द दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करेगी।