Showing posts with label 4 आतंकी ढेर 2 जवान भी शहीद. Show all posts
Showing posts with label 4 आतंकी ढेर 2 जवान भी शहीद. Show all posts

Saturday, January 2, 2016

पंजाब में बड़ा आतंकी हमला, 4 आतंकी ढेर 2 जवान भी शहीद


नई दिल्ली (सं.सू.)। पंजाब के पठानकोट में एयरफोर्स स्टेशन में सुबह करीब 3 बजे हुए फिदायीन हमले की जवाबी कार्रवाई में 4 आतंकियों के मारे जाने के बाद बंद हुई मुठभेड़ दोबारा शुरू हो गई है।

कुछ देर पहले सूचना मिली थी कि चार आतंकियों के मारे जाने के बाद फायरिंग रुक गई है लेकिन 11:55 बजे हेलिकॉप्टर से सेना के जवानों ने फिर से फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अभी 2 आतंकी एयरफोर्स स्टेशन के अंदर ही छिपे हैं और अंदर से ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं।

स्टेशन परिसर को चारों तरफ से घेर लिया गया है और पंजाब पुलिस को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। पंजाब पुलिस के डीजीपी और एनआईए टीम भी मौके पर मौजूद है। सुरक्षाबलों की कोशिश है कि कम से कम एक आतंकी को जिंदा पकड़ा जाए।

इस बीच सेना के जवानों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस मुठभेड़ में चार आतंकियों के मारे जाने की सूचना है। इस दौरान सेना के दो जवान भी शहीद हुए और तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हैं।

 अधिकारियों के मुताबिक तड़के सुबह 3 बजे आतंकियों ने पठानकोट के एयरफोर्स स्टेशन पर हमला किया और तकनीकी एरिया में घुसने की कोशिश की लेकिन सेना के जवानों ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया।

वायुसेना के जवानों ने इन आतंकियों को स्टेशन के अंदर ही मौजूद एक बिल्डिंग में घेर लिया गया। इसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। वायुसेना के जवान और एनएसजी कमांडो ने स्टेशन के अंदर मोर्चा संभाला हुआ है।

फिलहाल इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है लेकिन इस बात की आशंका जताई जा रही है कि हमले के पीछे आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का हाथ हो सकता है।

इससे पहले शुक्रवार को गुरदासपुर के एसपी सलविंदर सिंह को उनकी गाड़ी समेत अगवा कर लिया गया था। इस मामले में 4 आरोपी बताए जा रहे थे, जो सेना की वर्दी में थे। हालांकि बाद में एसपी को छोड़ दिया गया, लेकिन गाड़ी व एसपी के गनमैन और कुक को आतंकी लेकर चले गए। बाद में आतंकियों ने गनमैन को घायल अवस्था में गाड़ी से फेंक दिया था।

वहीं अधिकारियों ने इस बात की भी पुष्टि कर दी है कि ये आतंकी पाकिस्तान के रास्ते भारतीय सीमा में दाखिल हुए। इस हमले के बाद जम्मू-पठानकोट हाइवे पर गश्त तेज कर दी गई है। हमले के बाद पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गाड़ियों की सघन तलाशी ली जा रही है।

बताया जा रहा है कि खुफिया विभाग ने पहले ही हमले को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक दिसंबर महीने में ही ये आतंकी भारतीय सीमा में दाखिल हो गए थे। गौरतलब है कि पठानकोट से पाकिस्तान की सीमा महज 30 किमी ही दूर है। ऐसे में इन आतंकियों को पठानकोट तक पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगा होगा।