Thursday, October 29, 2015

पीएम मोदी को ही क्यों बनाते हैं निशाना,गृहमंत्री तो मैं हूँ-राजनाथ

नई दिल्ली (सं.सू.)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने देश में असहिष्णुता बढऩे के नाम पर साहित्यकारों, वैज्ञानिकों और फिल्मकारों द्वारा सम्मान और पुरस्कार लौटाए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इसे राजनीति से प्रेरित तथा मोदी सरकार को बदनाम करने की गहरी साजिश है।

राजनाथ सिंह गुरुवार को एक न्यूज चैनल से बातचीत में साहित्यकारों, वैज्ञानिकों और फिल्मकारों द्वारा पुरस्कार लौटाए जाने पर तल्ख लहजे में सवाल किया कि देश में किसी भी घटना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है जबकि कानून व्यवस्था राज्य का विषय है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों की ओर उंगली उठाए बिना हर घटना के लिए मोदी को निशाना बनाए जाने से उन्हें लगता है कि यह केंद्र सरकार को लांछित करने की गहरी साजिश है। जो हो रहा है, वह राजनीति से प्रेरित और दुर्भाग्यपूर्ण है।

गृहमंत्री ने कहा कि जो कुछ हो रहा है, वह उनकी समझ से बाहर है। कानून -व्यवस्था राज्य का विषय है और केंद्र चाहकर भी उसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकता। ऐसी घटनाओं के लिए राज्य सरकारों पर उंगली नहीं उठाई जाती लेकिन मोदी को निशाना बनाया जाता है, आखिर ऐसा क्यों हो रहा है।

कुछ लोगों को यदि निशाना बनाने का शौक है तो वे मोदी की बजाय उन्हें निशाना क्यों नहीं बनाते क्योंकि गृहमंत्री के नाते देश की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मदारी उनकी है।

भाजपा के कुछ नेताओं के कथित भड़काऊ बयानों पर मोदी की चुप्पी के संबंध में राजनाथ ने कहा कि हर बात पर प्रधानमंत्री का बोलना जरूरी नहीं है। इस मसले पर वह बोल चुके हैं। सरकार में मोदी के बाद उनका ही स्थान है। उन्हें और प्रधानमंत्री को अलग कर नहीं देखा जाना चाहिए।

No comments: