Saturday, June 11, 2016

राज्‍यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर बवाल, गुड्डू पंडि‍त को जान से मारने की धमकी

लखनऊ (सं.सू.)। राज्‍यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग पर शनि‍वार को बवाल हो गया। वोट डालने गए सपा के बागी वि‍धायक गुड्डू पंडि‍त और मुकेश शर्मा के वोट डालने के दौरान वहां सपा नेताओं से उनकी झड़प हो गई। उनका कहना है कि‍ सपा नेता सुशील सिंह ने उनका वोट डाल दि‍या। साथ ही पवन पांडेय ने बैलेट छि‍नने की कोशि‍श की और जान से मारने की धमकी दी। चुनाव पर्यवेक्षक से शि‍कायत की गई है।
सपा के बागी नेता गुड्डू पंडि‍त ने कहा है कि‍ राज्यसभा चुनाव में ओपन वोटिंग का नियम है। इसमें अपने दल के प्रमुख नेता को दिखाकर वोट डालना होता है। जब अपना बैलेट पेपर शिवपाल यादव को दिखाया तो उन्‍होंने बीजेपी को वोट डालने का अंजाम भुगतने की धमकी दी। सपा नेता पवन पांडेय ने बैलेट छि‍नने की कोशि‍श की। सपा नेताओं ने मुझे और मेरे भाई मुकेश शर्मा को जान से मारने की धमकी दी है। उन्‍होंने कहा कि‍ इसके बावजूद वोट डाला।
बीजेपी MLA संगीत सोम ने कहा है कि‍ बीजेपी के वोटर्स से सपा नेताओं ने बैलेट पेपर छीनने की कोशि‍श की। बीजेपी के कई नेताओं ने कहा कि‍ उन्‍हें वोट देने से रोकने की कोशि‍श हो रही है। पीस पार्टी के अध्यक्ष अयूब खान ने कहा है कि‍ पीस पार्टी कांग्रेस को वोट कर रही है और जो विधायक पार्टी लाइन से हटकर वोट कर रहे है उनपर कार्रवाई होगी। कांग्रेस नेता रीता जोशी ने कहा है कि‍ कपिल सिब्बल की जीत पक्‍की है। कोई क्रॉस वोटिंग नहीं होगी।
सपा MLA अभिषेक मिश्रा ने कहा है कि‍ सपा के सभी कैंडि‍डेट जीतेंगे। सपा MLA शारदा प्रताप शुक्ला ने कहा है कि‍ पार्टी का ईमानदार कार्यकर्ता हूं। मुलायम सिंह का पुराना साथी हूं। सपा के सभी उम्मीदवार जीत रहे हैं। बीजेपी नेता आशुतोष टंडन ने कहा है कि‍ हमारे पार्टी का उम्मीदवार और समर्थित उम्मीदवार प्रीति भी जीतेंगी। बीजेपी MLA उपेंदर तिवारी ने कहा है कि‍ कल हमारा उम्मीदवार भले ही हार गया हो, लेकिन उसे अन्य पार्टि‍यों का भी वोट मिला। ये बीजेपी के बढ़ते कदम हैं। गोरखपुर ग्रामीण से बीजेपी वि‍धायक वि‍जय यादव ने सपा कैंडि‍डेट के पक्ष में वोट दि‍या।
सपा के राज्यसभा कैंडिडेट बेनी प्रसाद वर्मा सुबह 10 बजे यहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि‍ 'आल इज वेल'।

No comments: