हाजीपुर (सं.सू.)। बिहार में एक दारोगा की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद हत्यारों ने लाश को सड़क के किनारे फेंक दिया और दारोगा की सर्विस रिवॉल्वर भी ले गए। इस घटना ने एक बार फिर राज्य की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है।
एएसआई की हत्या का यह मामला वैशाली जिले का है जहां शनिवार सुबह सदर थाना क्षेत्र के मनुआ में पुलिया के नजदीक पुलिस कर्मी के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मृतक के शरीर में कई गोलियां लगी थी। मौके पर पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त बिहार पुलिस एएसआई अशोक यादव के रूप में की।
जानकारी के अनुसार तीन दिन पहले वैशाली थाने में तैनात अशोक यादव बहन की बीमारी और घर बनवाने की बात कहकर घर गए थे। इसके बाद आज उसका शव बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने अशोक की हत्या उसी की सर्विस रिवॉल्वर से गोली मार कर की है और उसकी पिस्टल भी लूट ले गए।
एएसआई की हत्या से इलाके में तनाव है। पुलिस महकमा भी इस घटना से सकते में है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एएसआई को चार गोलियां मारी गई हैं। हालांकि अभी पुलिस अधिकारी इस मामले पर कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं। पुलिस ने अशोक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हत्याकांड को लेकर पुलिस के सामने कई सवाल हैं। जैसे सुनसान इलाके में अशोक कुमार कैसे पहुंचे या फिर कहीं घटना अपराधियों से मुठभेड़ का नतीजा तो नहीं?
No comments:
Post a Comment