Sunday, January 10, 2016

भारत की आपत्त‍ि के बाद श्रीलंका ने PAK से लड़ाकू विमान खरीदने का फैसला बदला


नई दिल्ली (सं.सू.)। भारत की ओर से कड़ी आपत्ति दर्ज किए जाने के बाद श्रीलंका ने पाकिस्तान से जेएफ-17 लड़ाकू विमान खरीदने की योजना टाल दी है। बीते मंगलवार को श्रीलंका ने पाकिस्तान से लड़ाकू विमान खरीदने के लिए करार किया था। यह सौदा 40 करोड़ डॉलर यानि 2675 करोड़ रुपये का था। एक विमान की कीमत 35 मिलियन डॉलर है।

अंग्रेजी अखबार द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक भारत ने श्रीलंका को बीते दिनों यह बताया था कि उसे क्यों इन फाइटर प्लेन को नहीं खरीदना चाहिए। भारत ने यह भी कहा था कि श्रीलंका की सैन्य जरूरतों को अगर देखा जाए तो उसे इस तरह के फाइटर जेट की आवश्यकता नहीं है। भारत ने विमान के तकनीकी पहलुओं पर भी श्रीलंका को आगाह किया और बताया कि जेएफ-17 विमान में जो रूसी इंजन लगे हैं वे बहुत अच्छे नहीं हैं। चीन ने भी इन विमानों का इस्तेमाल करना बंद कर दिया है।

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के तीन दिवसीय कोलंबो दौरे के दौरान जेएफ-17 थंडर लड़ाकू विमान बेचने को लेकर श्रीलंका से बातचीत हुई थी। पाकिस्तान श्रीलंका को 10 से 12 जेएफ-17 विमान बेचना चाहता था। काफी समय से इन विमानों को बेचने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान को पहली बार कामयाबी मिली थी। शुरुआत में जहां पाकिस्तान इसे चीन की मदद से बनाता था, वहीं अब वह खुद इन विमानों का निर्माण करता है।

अगर यह समझौता पूरा हो जाता तो चीन या पाकिस्तान को श्रीलंका में मेंटनेंस और ट्रेनिंग के लिए जमने का मौका मिल सकता था। इससे श्रीलंका की पाकिस्तान और चीनी फौज से नजदीकी बढ़ती और यह भारत के लिए चिंता का विषय था। ये जेएफ-17 थंडर विमान श्रीलंका के पुराने पड़ चुके इजरायली केफिर्स या मिग 27 विमानों की जगह लेते।

भारत ने श्रीलंका को यह भी समझाया कि उग्रवादी संगठन लिट्टे के खिलाफ जंग खत्म हुए काफी साल बीत गए हैं। इसलिए ऐसे लड़ाकू विमान श्रीलंका के लिए उपयोगी नहीं होंगे। हालांकि इस जंग के खत्म होने के बाद से श्रीलंका अपनी सैन्य क्षमता को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। हर साल रक्षा बजट में भी इजाफा किया जा रहा है। सिर्फ साल 2016 के लिए ही श्रीलंका सरकार रक्षा क्षेत्र में करीब 3 अरब डॉलर यानि लगभग 200 अरब रुपये खर्च करेगी।

No comments: