भीलवाड़ा (सं.सू.)। एक युवक को अपने जाल में फंसा कर लुटेरी दुल्हन और उसके गैंग ने लाखों के गहनों और कीमती सामान की लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा दी है, जिसके बाद पुलिस ने गैंग की तलाश शुरू कर दी है।
मोबाइल इमिटेशन ज्वेलरी की दुकान चलाने वाले दिव्यांग सुरेश सोनी का विवाह काफी समय से नहीं हो रहा था। जानकारी के अनुसार सरोज नाम की युवती का सुरेश के घर गुलाबपुरा में लगातार आना-जाना था और उसने सुरेश को दो-तीन लड़कियां भी दिखाई जो उसे पसंद नहीं आईं।
19 मईं को सरोज, अरुण दुबे व नारायण ने फोन पर सुरेश को सूचना दी कि उसके समाज की लड़की है जो अविवाहित है और शादी करना चाहती है। इसलिये वो बजरंगगढ़ अजमेर आकर लड़की देख ले।
इस पर सुरेश राजी हो गया और लड़की देखने जा पहुंचा। वहां उसे उदयपुर जिले के नीचेली गांव की 30 वर्षीय युवती सोनू से मिलवाया गया जो सुरेश को पसंद आ गई। इसके बाद 19 मई को दोनों की शादी हुई।
पीड़ित सुरेश के मुताबिक सोनू के साथ सरोज, नारायण, अरुण व अन्य दो युवतियां भी थी जिन्होंने 3 लाख 16 हजार रूपए की मांग की और रकम देने पर वे सोनू को उसके घर छोड़कर चले गए।
इसके बाद सुहागरात वाले दिन जब सुरेश और सोनू कमरे में गये तो सोनू ने बहुत थकी हुई होने की बात कहते हुए सोने देने के लिये कहा। अपनी नई नवेली दुल्हन के इरादों से अंजान सुरेश भी इसके लिये राजी हो गया और दोनों सो गये। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो सोनू और सारे जेवरात व अन्य कीमती सामान घर से गायब पाया जिसके बाद सभी के होश उड़ गये।
काफी तलाश के बाद भी वह जब नहीं मिली तो सरोज को फोन लगाया गया लेकिन उसका फोन बंद मिला। इसके बाद पूरा परिवार समझ गया कि दुल्हन लुटेरी थी जो लूट कर चली गई। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

No comments:
Post a Comment