Saturday, June 11, 2016

क्या लालकेश्वर सिंह की पत्नी की एमए की डिग्री है फर्जी?

पटना,विनायक विजेता। मेधा घोटाले से चर्चा में आए बीएसईबी के पूर्व एवं फरार अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह की पत्नी व पूर्व विधायिका उषा सिन्हा की एमए की डिग्री पर भी सवाल खड़ा हो रहा है। उषा सिन्हा पटना स्थित गंगा देवी महिला महाविद्यालय की प्राचार्या हैं। वर्ष 2010 में जदयू के टिकट पर हिलसा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने जाने के बाद ये लंबे अवकाश पर चली गई थीं।

पिछले वर्ष विधानसभा के चुनाव में टिकट से वंचित होने पर इसी वर्ष फरवरी में इन्होंने फिर से अपने कॉलेज में योगदान किया। वर्ष 2010 में अपने नामांकन के वक्त दाखिल किए गए शपथ पत्र में अपनी शैक्षणिक योग्यता में उषा सिन्हा ने वर्ष 1973-74 में गोरखपुर से बीए-बीएड, वर्ष 1976 में ‘आमोध विश्वविद्यालय’ से एमए और वर्ष 1984 में मगध विश्वविद्यालय से डाक्टरेट (पीएचडी) की उपाधि मिलना बताया है। उषा सिन्हा ने जिस विश्वविद्यालय से ‘एमए’ करना बताया है वह विश्विद्यालय उत्तर प्रदेश में तो कहीं नहीं ही है इंटरनेट पर भी सर्च करने के बाद इस नाम का विश्वविद्यालय पूरे देश में कहीं नहीं दिख रहा।

यूपी में 21 राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत विश्वविद्यालय, 4 केन्द्रीय विश्वविद्यालय, 8 निजी विश्वविद्यालय व 10 मानित विश्वविद्यालय हैं जिसमें कहीं भी ‘आमोध विश्वविद्यालय’ का नाम नहीं है न ही इस नाम का विश्वविद्यालय बिहार में ही कहीं है। अब इस सवाल का जवाब उषा सिंह ही दे सकती हैं कि जिस ‘आमोध विश्वविद्यालय’ की डिग्री के सहारे वो सरकारी शिक्षण सेवा में आई आखिर वह विश्वविद्यालय है कहां?

No comments: