Wednesday, June 8, 2016

बिहार बोर्ड के अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह का इस्तीफा

पटना (सं.सू.)। बिहार स्कूल एक्जामिनेशन बोर्ड (बीएसईबी) के चेयरमैन लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बारहवीं की परीक्षा में टॉपर्स का विवाद सामने आने के बाद से लालकेश्वर सवालों के घेरे में थे।

इंटरमीडिएट की परीक्षा में टॉपरों का सच सामने आने के बाद से बिहार की शिक्षा व्यवस्था का मजाक बन रहा था। इस मामले में जांच के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी का भी गठन किया था, जिसने बुधवार की सुबह ही चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
अब गिरफ्तारी की तलवार

जानकारी के मुताबिक लालकेश्वर पर इस्तीफे को लेकर राज्य सरकार की तरफ से दबाव था। दो दिन पहले ही सीएम नीतीश कुमार ने बैठक के दौरान लालकेश्वर प्रसाद सिंह को काफी फटकार लगाई थी।

इसके बाद सरकार की तरफ से पूछा गया था कि क्यों न आपको बर्खास्त कर दिया जाए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले में बोर्ड के अध्यक्ष की गिरफ्तारी भी मुमकिन है। एसआईटी ने मंगलवार को लालकेश्वर से पूछताछ के बाद उनका लैपटॉप जब्त किया था।

पढ़ें: बिहार टॉपर्स मामला: रूबी-राहुल और स्कूल डायरेक्टर समेत चार पर केस

एसआईटी की टीम परीक्षा की कॉपियों की जांच कराने के अलावा कई पहलुओं पर पड़ताल कर रही है। एक निजी चैनल पर बिहार में इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपरों का सच सामने आने के बाद से ही परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे।
क्या है पूरा मामला

बिहार में बारहवीं की परीक्षा के दौरान टॉपर्स पर सवाल उठे थे। एक टेलीविजन चैनल की रिपोर्ट में दिखाया गया था कि जब परीक्षा में टॉप करने वाले कुछ स्टूडेंट से विषय से संबंधित सवाल पूछे गए, तो वो जवाब देने में नाकाम रहे।

पुलिस ने इस मामले में चार छात्रों और हाजीपुर के विशुन राय कॉलेज के डायरेक्टर के खिलाफ केस दर्ज किया था। बारहवीं आर्ट्स की टॉपर रूबी राय के अलावा साइंस टॉपर सौरव श्रेष्ठ और राहुल कुमार समेत चार छात्रों के खिलाफ पटना के कोतवाली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज हुआ है।

टॉपर्स कांड की जांच के लिए बनाई गई दोनों उच्चस्तरीय जांच समितियों को सोमवार को भंग कर दिया गया था। सीएम नीतीश कुमार ने शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी और बीएसईबी (बिहार स्कूल एक्जामिनेशन बोर्ड) के चेयरमैन लालकेश्वर प्रसाद सिंह के साथ बैठक की थी।

समिति 20 जून तक अपनी रिपोर्ट सौंपने वाली थी। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने विज्ञान संकाय के टॉपर्स सहित एक अन्य अभ्यर्थी के परीक्षा परिणाम को शनिवार को रद्द कर दिया था।

बिहार बोर्ड ने इंटर साइंस के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ और तीसरे स्थान पर रहे राहुल कुमार का रिजल्ट रद्द कर दिया है। 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में टॉपर्स विवाद के बाद सात-सात टॉपर्स को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था।

इसके अलावा आर्ट्स की टॉपर रूबी राय को एक हफ्ते के भीतर दोबारा बुलाया गया है। रूबी ने तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए इंटरव्यू में हिस्सा नहीं लिया था।

No comments: