Thursday, November 5, 2015

टूडेज चाणक्या के एक्जिट पोल में एनडीए को 155 सीटें,महागठबंधन को 83

नई दिल्ली (सं.सू.)। बिहार विधानसभा चुनावों के अंतिम चरण की वोटिंग खत्म होते ही पूरे देश की नजरें एग्जिट पोल और 8 नवंबर को होने वाली मतगणना पर टिक गई हैं। चुनाव खत्म होने के तुरंत बाद एग्जिट पोल के परिणामों के मुताबिक चुनाव में एनडीए गठबंधन और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है।

ईटीवी-टूडेज चाणक्या के एग्जिट पोल के आंकड़ों पर गौर करें तो बिहार में प्रचंड बहुमत से भाजपा नीत एनडीए की सरकार बनती दिख रही है। चाणक्य के मुताबिक एनडीए को जहां 155 सीटें मिलती दिख रही हैं, वहीं महागठबंधन के खाते में 83 सीटें जाती दिख रही हैं। पांच सीटें अन्य के खाते में जाने के आसार हैं। विदित हो कि 2010 के बिहार विधानसभा चुनावों और 2014 के लोकसभा चुनावों में सबसे सटीक अनुमान इसी सर्वेक्षण एजेंसी का था। 2010 के विधानसभा चुनावों के समय ईटीवी-टूडेज चाणक्या ने भाजपा को 94 सीटें और जेडीयू प्लस को 141 सीटें दी थीं जो चुनाव परिणाम के समय एकदम सटीक पाई गई थीं।

टाइम्स नाउ-इंडिया टीवी-सी वोटर के एग्जिट पोल में जहां महागठबंधन को 122 और एनडीए गठबंधन को 111 सीटें मिलती दिख रही हैं। अन्य के खाते में 10 सीटें जाती दिख रही हैं।

एबीपी न्यूज के एग्जिट पोल ने बिहार में महागठबंधन को जीत दिखाई है। इसके मुताबिक एनडीए गठबंधन जहां 108 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है, वहीं महागठबंधन के खाते में 130 सीटें (बहुमत से अधिक) जाती दिख रही हैं। कहने का मतलब यह कि बिहार में नीतीश सरकार की फिर से वापसी होगी।

इंडिया टूडे और सिसरो के एग्जिट पोल की बात करें तो इसके अनुसार एनडीए को 111-127 सीटें मिल रही हैं वहीं महागठबंधन को 112-132 और अन्‍य को 4-8 सीटें मिल रही हैं।

न्यूज नेशन के एग्जिट पोल में एनडीए गठबंधन को 117 और महागठबंधन को 122 सीटें मिलती नजर आ रही हैं।

न्‍यूज एक्‍स ने अपने एग्जिट पोल में महागठबंधन को सबसे बड़े दल के रूप में पेश किया है। इसके अनुसार महागठबंधन को 130-140 सीटें मिलने का अनुमान है वहीं एनडीए को महज 90-100 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है।

No comments: