Monday, May 2, 2016

नीतीश कुमार पर जनता दरबार में युवक ने फेंका कागज, एक फरियादी हुआ बेहोश

पटना (सं.सू.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी जब एक युवक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कागजों का बण्डल उछाल दिया।  जानकारी के मुताबिक जैसे ही यह घटना घटी हंगामा शुरू हो गया।  युवक मुख्यमंत्री के उस फैसले से नाराज है जिसमें सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चूल्हा नहीं जलाने की हिदायत दी गयी है।  युवक मुख्यमंत्री के पास फरियादी बनकर पहुंचा था और जैसी ही जनता दरबार शुरू हुआ उसने सीएम पर कागज फेंक दिया, जो कुछ दूर पर जाकर गिरा।  उसके फौरन बाद युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।  पुलिस अभी युवक को लोगों से अलग रखकर पूछताछ कर रही है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जनता दरबार आज कई विभागों की सुनवाई के साथ 10 बजे शुरू हुआ।  आज दरबार में गृह विभाग, सामान्य प्रशासन और राजस्व एवं भूमि सुधार के अलावा मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री सुनवाई कर रहे थे।  दरबार में भारी संख्या में फरियादी जुटे हुए थे।  जनता दरबार में बिहार के पुलिस महानिदेशक, गृह सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री मदन मोहन के अलावा संबंधित विभाग के प्रधान सचिव भी जनता दरबार में मौजूद थे।

दरभंगा से आयी एक महिला ने गुहार लगायी कि उसके बेटा का तीन साल पहले अपहरण हुआ था।  तीन साल बीत जाने के बाद भी पुलिस उसके बेटे का पता नहीं लगा पायी है।  दरभंगा के बेता मुहल्ले की रहने वाली नसीमा खातून ने कहा कि आरोपित उसके ऊपर केस उठाने के लिए दवाब बना रहे हैं।  उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है।  शिकायत सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने डीजीपी से इस मामले को देखने का आदेश दिया।  डीजीपी ने महिला को कार्रवाई का भरोसा दिलाया है मगर सवाल उठता है कि क्या अपहर्ताओं ने अब तक उसके बेटे को जिन्दा छोड़ा होगा?

जनता दरबार में आया एक शख्स बेहोश हो गया।  भीषण गरमी की वजह से उसे सांस लेने में तकलीफ हुई और वह बेहोश हो गया।  अधिकारी ने उसे अस्पताल पहुंचाया है।  जहां उसका इलाज चल रहा है।

No comments: