Sunday, June 5, 2016

टॉपर्स कांड पर बोले CM नीतीश कुमार- होगी पूरी जांच, चलेगा क्रिमिनल केस

पटना (सं.सू.)। बिहार बोर्ड में 12वीं के टॉपर्स की हकीकत सामने आने के बाद से पूरा सिस्टम हरकत में आ गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहली बार इस पर प्रतिक्रिया दी है। नीतीश ने कहा कि अच्छा हुआ टॉपर्स की सच्चाई सामने आ गई।
उन्होंने कहा कि आगे से इसका ध्यान रखा जाएगा। नीतीश ने कहा कि वो अपने स्तर पर इस मामले को देखेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं इसे अपने स्तर पर देखूंगा। पहले भी ऐसी घटना सामने आई थी और मेरी पहल पर कार्रवाई हुई थी।' मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना पर क्रिमिनल केस बनेगा। नीतीश ने कहा, 'इसकी पूरी जांच होगी। क्रिमिनल केस भी बनेगा और कठोर कार्रवाई होगी। जिम्मेदारी तय की जाएगी।'
बिहार में इस तरह की ये पहली घटना नहीं है। इससे पहले परीक्षा के दौरान खिड़कियों पर लटककर छात्रों को नकल कराते लोगों सैकड़ों लोगों को तस्वीरें सामने आई थी, जिसने पूरे देश को हैरत में डाल दिया था। नीतीश ने कहा, 'पिछली बार मैट्रिक की परीक्षा में नकल की तस्वीरें सामने आईं इसलिए इस बार सख्ती की गई तो कोई घटना नहीं हुई। अब ये टॉपर्स का मामला सामने आई है तो इस पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।'

No comments: