नई दिल्ली (सं.सू.)। राष्ट्रवाद पर चल रही राजनीतिक बहस के बीच कांग्रेस ने बुधवार को शहीदी दिवस के मौके पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर को 'गद्दार' बताया। भाजपा ने इसकी कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह उसकी मानसिकता को दर्शाता है।
कांग्रेस ने एक ट्वीट में शहीदे आजम भगत सिंह और वीर सावरकर की तस्वीरें जारी की हैं। इसे 'शहीद बनाम गद्दार' शीर्षक दिया गया है। भगत सिंह की तस्वीर पर शहीद और सावरकर की तस्वीर पर गद्दार लिखा गया है। पार्टी ने कहा है कि भगत सिंह ने आजादी के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ाई लड़ी जबकि सावरकर ने अंग्रेजों का गुलाम बनने के लिए उनसे दया की भीख मांगी।
दोनों तस्वीरों के नीचे जेल में दी गई याचिकाओं का उल्लेख किया गया है। पार्टी के मुताबिक लाहौर जेल में भगत सिंह ने 1931 में अंग्रेजों को लिखा था कि ब्रिटिश राष्ट्र और भारतीय राष्ट्र के बीच युद्ध की स्थिति है और हमने इस लड़ाई में हिस्सा लिया है और हम युद्धबंदी हैं।
कांग्रेस का कहना है कि सावरकर ने अंडमान की सेल्युलर जेल में याचिका देकर कहा था कि अगर सरकार दयालुता दिखाते हुए उन्हें रिहा करती है तो वे संवैधानिक प्रगति का प्रबल समर्थन करेंगे और अंग्रेजों की सरकार के प्रति वफादारी दिखाएंगे जो उसकी प्रगति के लिए सबसे अहम शर्त है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने हाल ही में लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भाजपा के सदस्यों पर तंज कसते हुए कहा था कि गांधी हमारे हैं और सावरकर आपके हैं। एक अहिंसा की बात करता है और दूसरा हिंसा की। इस पर सदन में बड़ा हंगामा हुआ था।
इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस की टिप्पणी उसकी मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा, कांग्रेस का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।
No comments:
Post a Comment