रक्सौल (सं.सू.)। नेपाल के नामी-गिरामी औद्योगिक घराने केडिया ग्रुप से संबंध रखने वाले उद्योगपति सुरेश केडिया को अज्ञात सशस्त्र अपराधियों ने अगवा कर लिया है। वे नेपाल के बारा जिला के बरियारपुर से गुरूवार की रात्रि लौट रहे थे तभी अचानक अपराधियों ने हमला बोल घटना को अंजाम दिया।
इस घटना में उनके ड्राइवर ने साहस का परिचय देते हुए उन्हें बचाने का भरपूर प्रयास किया। खींचा-तानी में उसने अपहर्ताओं के छक्के छुड़ा दिए, लेकिन बन्दूक की जोर ने उसे विवश कर दिया और अपराधी अपना मकसद पूरा कर भागने में सफल हो गए।
पहले अपहरणकर्ताओं ने कोशिश को नाकाम होता देख फायर झोंक दिया, जिसमे गोली ड्राईवर के कनपटी पर लगी है। अपराधियों के फायरिंग में केडिया बाल-बाल तो बच गये, लेकिन उनका अपहरण हो गया। मिली जानकारी के अनुसार अपराधी उन्हें सीमावर्ती क्षेत्र में लेकर गए हैं।
घटना में गम्भीर रूप से घायल चालक श्याम साह को बीरगंज के नारायणी उप क्षेत्रीय अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। चालक की स्थिति नाजुक बनी हुई है, उसे पटना या काठमांडू रेफर करने की चर्चा चल रही है।
इधर बारा,पर्सा और रक्सौल पुलिस घटना की सूचना के बाद अलर्ट हो गई है। जगह-जगह छापामारी जारी है। केडिया का परवानीपुर में खाधान्न आधारित फैक्ट्री संचालित है।
No comments:
Post a Comment