Wednesday, February 10, 2016

अफजल गुरु की बरसी पर जेएनयू में लगे देश विरोधी नारे


नई दिल्ली (सं.सू.)। दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी एक बार फिर गलत वजहों से चर्चा में है। कल वहां कुछ छात्रों ने संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु की बरसी मनाई और इस मौके पर देश विरोधी नारे भी लगाए गए। इन छात्रों की ABVP के लोगों के साथ झड़प भी हुई। विरोध में आज ABVP ने यूनिवर्सिटी में बंद बुलाया।

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी का माहौल एक बार फिर गरमाया हुआ है। ABVP के छात्र यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कल जेएनयू में वामपंथी और दलित संगठनों से जुड़े कुछ छात्रों ने संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु की बरसी मनाई। इसमें कश्मीर के छात्र भी शामिल थे। बाकायदा इसके लिए कैंपस में एक सांस्कृतिक संध्या का आय़ोजन किया गया था। इस दौरान कैंपस में देश विरोधी नारे लगाए गए। ABVP के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो फिर यूनिवर्सिटी कैंपस लड़ाई के मैदान में बदल गया। आरोप है कि इन लोगों ने ABVP के कार्यकर्ताओं की पिटाई की। इसके विरोध में आज ABVP ने बंद का एलान कर दिया।

विदित हो कि पहले भी जेएनयू में कुछ लोग ऐसी हरकतें करते रहे हैं। अफजल गुरु की फांसी के वक्त भी यहां बवाल हुआ था। दक्षिणपंथी और वामपंथी विचारधारा के बीच यहां हमेशा से बौद्धिक टकराव होते रहे हैं लेकिन अब जिस तरह से देश विरोधी गतिविधियां यहां पनप रही हैं उससे यूनिवर्सिटी की छवि को बट्टा लग रहा है।

No comments: