Wednesday, May 4, 2016

नीतीश ने पहले बिहारियों को पियक्कड़ बनाया अब शराबबंदी करने निकले हैं-रघुवर दास

पटना (सं.सू.)। बिहार में सीएम नीतीश के शराबबंदी के ऐलान के बाद झारखंड में भी हलचल मच गई है। जिसके बाद अब बिहार और झारखंड सरकार में वार-पलटवार जारी हो गया है। इसी क्रम में झारखंड सीएम रघुवर दास ने मंगलवार को रांची में जनसंवाद कार्यक्रम में नीतीश कुमार पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि दस सालों तक नीतीश कुमार ने लोगों को शराब पिला-पिलाकर नशेड़ी बना दिया और अब शराबबंदी की बात करते हैं।

दास ने कहा कि नीतीश कुमार पर सत्ता का नशा चढ़ा हुआ है। जल्द ही यह बुखार भी उतर जाएगा। झारखंड में बिहार मॉडल नहीं चलेगा। बिहार में बेरोजगारी है और जब लोग बेरोजगार होते हैं, तब उन्हें शराब की लत लग जाती है। रघुवर दास ने तल्ख लहजे में कहा कि झारखंड में बिहार नहीं बल्कि गुजरात मॉडल चलेगा।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार नाख़ून कटाकर शहीद बनना चाहते हैं। हर राज्य की अपनी जरूरत होती है और उसके हिसाब से योजनाएं बनती हैं। इतना ही नहीं रघुवर दास ने कहा नीतीश कुमार गलत लोगों की संगति में चले गए हैं। वहीं पटना में झारखंड CM रघुवर दास पर जदयू का पलटवार करते हुए जदयू के प्रवक्ता नीरज ने कहा कि झारखंड सीएम का मेडिकल टेस्ट होना चाहिए। रघुवर दास शराब के नशे में चूर हैं। उन्होंने कहा कि शराबियों को ही शराबबंदी पर एतराज होता हैं।

हालांकि झारखंड में भी रोजगार की कोई बहुलता नहीं है जो सीएम दास नीतीश पर निशाना साध रहे हैं। झारखंड में भी भुखमरी, सूखा और बेरोजगारी चरम पर है। लेकिन फिर भी नीतीश के झारखंड दौरे के पहले ही रघुवर बेचैन हो गए हैं और एक सार्थक पहल पर सवाल उठा रहे हैं। बता दें कि शराबबंदी के एजेंडे के साथ CM नीतीश 10 मई को धनबाद में सम्मेलन करेंगे।

No comments: