Tuesday, May 10, 2016

सोनिया पर शाह का पलटवार कहा- 'देश को पता है उनका देश-प्रेम'

त्रिसूर (सं.सू.)। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोनिया गांधी के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि वो भारत की बहू हैं, यहीं उनका घर और वो यहीं मरेंगी। सोनिया पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि वो देशप्रेम की दुहाई दे रही थीं लेकिन देश जानता है कि उनका भाव क्या है।

अमित शाह ने कहा कि सोनिया देश को कुछ न बताएं देश उनके पुत्र-प्रेम, नेशनल हेराल्ड के प्रति प्रेम,२ जी के प्रति प्रेम,कोयले के प्रति प्रेम,अगस्ता के प्रति प्रेम को जानता है। शाह ने कहा कि सोनिया को देश को कुछ भी बताने की जरूरत नहीं है, उनका भाव देश को पता है।

सोमवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केरल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि 'भारत मेरा देश है, मैं यहां आखिरी सांस लूंगी और यहीं मेरी राख मेरे प्रियजनों के साथ मिल जाएगी।

सोनिया गांधी ने कहा था कि ये सच है कि 'मैं इटली में पैदा हुई लेकिन साल 1968 में मैं इंदिरा गांधी की बहू बनकर भारत आई थी और भारत मेरा देश है। ' सोनिया ने कहा कि उन्होंने भारत में 48 साल बिताए हैं और अब यही उनका घर है। सोनिया ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्होंने ईमानदार माता-पिता के घर जन्म लिया है और वो उन्हें कभी शर्मिन्दा नहीं करेंगी।

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि पीएम मोदी भारत के प्रति उनका प्यार और समर्पण कम नहीं कर सकते हैं।

No comments: