Monday, May 9, 2016

जेडीयू MLC का बेटा रॉकी यादव गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद

गया (सं.सू.)। बिहार के गया में 19 साल के छात्र आदित्य की हत्या के आरोप में जेडीयू एमएलसी के बेटे रॉकी यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, रॉकी को सोमवार देर रात बोधगया स्थित उसके पिता के ही घर से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एमएलसी मनोरम देवी के बेटे रॉकी यादव ने अपनी नई लैंडरोवर गाड़ी को पास नहीं देने पर शनिवार रात स्विफ्ट कार सवार छात्र आदित्य राज सचदेवा को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत गई।

बिहार के एक बड़े कारोबारी का बेटा आदित्य घटना के दौरान अपने दोस्तों के साथ बोधगया से घर लौट रहा था। पुलिस ने इस मामले में मनोरमा देवी के पति बिंदी यादव और एमएलसी के बॉडीगार्ड राजेश कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एमएलसी के बेटे की गाड़ी भी बरामद कर ली है। गया एसएसपी गरिमा मलिक ने बताया कि रोडरेज केस के आरोपी रॉकी यादव को देर रात गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

आदित्य की हत्या के बाद बिहार में जंगलराज को लेकर नीतीश कुमार विपक्ष के निशाने पर आ गए। नीतीश ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि कानून अपना काम कर रही है, कानून से ऊपर कोई नहीं है। दोषी को सजा जरूर मिलेगी।

No comments: