Wednesday, May 4, 2016

दिल्ली, गाजियाबाद, देवबंद से 12 संदिग्ध आतंकी धरे

नई दिल्ली (सं.सू.)। दिल्ली पुलिस और एनआईए के संयुक्त ऑपरेशन में दिल्ली, गाजियाबाद और देवबंद से कुल 12 संदिग्ध जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से 3 को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार संदिग्धों में देवबंद का कुख्यात शारिक भी है।

    Police takes action on basis of intel input। Delhi Police has done good work: Kiren Rijiju, MoS Home on 12 suspected JeM terrorists detained
    — ANI (@ANI_news) May 4, 2016

यूपी के देवबंद से भी चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसमें कुख्यात शारिक भी है। इसके अलावा दिल्ली के इंदरपुरी, भजनपुरा और चांद बाग इलाकों से भी आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि इनके पास से कुछ विस्फोटक भी बरामद हुए हैं।

दिल्ली पुलिस के सूत्रों से खबर आ रही है कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों से स्पेशल सेल पूछताछ कर रही है जब कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छापेमारी अभी जारी है। दो संदिग्धों की पहचान माजाहिर और ताहिर के तौर पर अभी तक हुई है। गौरतलब हो कि पठानकोट में आतंकी हमले के बाद से दिल्ली पुलिस को लगातार राजधानी में आतंकी हमले के इनपुट मिल रहे हैं।

विशेष पुलिस आयुक्त अरविंद दीप (विशेष ईकाई) ने बुधवार को बताया, ‘‘हमने जैश की विचारधारा के समर्थक 12 लोगों को दिल्ली और उत्तर प्रदेश से मंगलवार रात हिरासत में लिया। उनके पास से एक आईईडी भी बरामद किया गया।’’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों की उम्र 30 साल के आसपास है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ दिल्ली के स्थाई बाशिंदे हैं, जबकि कुछ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।’’

अधिकारी ने बताया कि उन सभी पर राष्ट्रीय राजधानी और अन्य शहरों पर हमला करने की योजना बना रहे एक आतंकवादी संगठन की एक स्लीपर इकाई के सदस्य होने का संदेह है। विशेष सेल के दल दिल्ली और उत्तर प्रदेश में छापे मार रहे हैं और आगामी 24 घंटों में कई और लोगों को गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। उनके पास से बम बनाने का सामान भी बरामद किया गया है।

No comments: