Sunday, May 8, 2016

कुंभ में आंधी से बर्बाद टेंट-कनात को खुद बांधने लगे शिवराज

उज्जैन (सं.सू.)। धार्मिक नगरी उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ कुंभ में शनिवार को पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद काम में जुट गए। मुख्यमंत्री ने स्वयं कई काम अपने हातों से किए। उन्होंने टेंट खड़ा करने के लिए पोल गाड़े, टेंटों के रस्सी बांधे और सारी चीजों को एक-एक कर अपने हाथों से दुरुस्त किया।

उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार को आए आंधी-तूफान में सिंहस्थ कुंभ में कई टेंट गिर गए थे, पंडाले ध्वस्त हो गईं थीं। कई लोगों की मौत भी हो गई थी।

व्यवस्था को एक बार फिर से दुरुस्त करने को लेकर शिवराज सिंह चौहान मौके पर पहुंचे थे। आंधी व तेज बारिश से मची तबाही के बाद के व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का अभियान शनिवार को भी जारी रहा। पंडालों को संवारा जा रहा है, सड़कें सुधारी जा रही हैं। इस अभियान में सामाजिक संगठन, सुरक्षा बल भी लगे हुए हैं। और शनिवार को स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लग गए।

कुंभ के दौरान आई प्राकृतिक आपदा में सात सौ से अधिक टेंट ढह गए थे। सड़कों पर कीचड़ और गंदगी भर गई। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई। मेला क्षेत्र में सबसे ज्यादा नुकसान मंगलनाथ क्षेत्र को हुआ था। इस क्षेत्र में तेजी से सुधार कार्य चल रहे हैं।

kumbh-shivraj-singh-03आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, मंगलनाथ खाक चौक क्षेत्र में धराशायी अस्थायी पंडाल पुनर्निर्माण का काम जारी है। बिजली, पानी, साफ-सफाई, गैस सिलेंडर सप्लाई, खाद्यान्न उपलब्धता एवं सीवरेज खाली करने की प्रक्रिया प्रभावी रूप से संचालित हो रही है।

मच्छरों को भगाने के लिए फॉगिंग मशीन से छिड़काव किया जा रहा है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए चिकित्सकीय दल तत्पर हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित प्रबंध है। सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

इस अभियान में मुख्यमंत्री चौहान स्वयं न केवल नजर रखे हुए हैं, बल्कि लोगों का साथ भी दे रहे हैं। वे कई स्थानों पर श्रमदान और अन्य सहयेाग करने में पीछे नहीं रहे। उनके इस काम में उनकी पत्नी साधना सिंह ने भी उनका हाथ बंटाया।

No comments: