Monday, January 18, 2016

दलित छात्र की आत्महत्या में केंद्रीय मंत्री पर केस

नई दिल्ली (सं.सू.)। हैदराबाद विश्वविद्यालय के दलित शोध छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने सोमवार को केंद्रीय श्रम मंत्री बंडारू दत्तात्रेय और अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया। हैदराबाद विवि के कुलपति अप्पा राव, अभाविप नेता सुशील कुमार और विष्णु के खिलाफ भी अजा-जजा अत्याचार निवारक कानून के तहत केस दर्ज किया गया है।

आत्महत्या के विरोध में छात्रों ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। नई दिल्ली में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी के घर और दफ्तर के बाहर भी प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने कहा कि दत्तात्रेय के खिलाफ एफआइआर दर्ज हुई है, इसलिए उन्हें पद से हटा देना चाहिए। दो हफ्ते पहले गुंटूर जिले के पीएचडी स्कॉलर रोहित वेमुला समेत पांच छात्रों को हॉस्टल से निकाला गया था। ये छात्र 15 दिनों से कैंपस में धरना दे रहे थे। रोहित ने रविवार रात फांसी लगा ली। छात्रों को गत वर्ष अगस्त में अभाविप कार्यकर्ताओं से झड़प के बाद निलंबित किया गया था। लेकिन बाद में बहाल कर दिया गया। रोहित अंबेडकर स्टूडेंट्स एसोसिएशन का सदस्य था। संगठन ने हाल में विश्वविद्यालय में ‘मुजफ्फरनगर बाकी है’ नाम की फिल्म के प्रदर्शन के दौरान हुए हमले के विरोध में जुलूस निकाला था। छात्रों का आरोप है कि दत्तात्रेय ने ईरानी को पत्र लिखा। विश्वविद्यालय की जांच समिति ने इससे पहले पांचों छात्रों को क्लीन चिट दे दी थी। लेकिन दत्तात्रेय के पत्र के बाद मंत्रलय ने विश्वविद्यालय को एक पैनल बनाने का आदेश दिया। पैनल ने छात्रों के निलंबन का फैसला किया था। रोहित ने हालांकि सुसाइड नोट में किसी पर आरोप नहीं लगाया है।

इधर,रोहित वेमुला की आत्महत्या के मामले की जांच के लिए मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने दो सदस्यीय टीम भेजने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, ‘मैं राजनीतिक बयानबाजी नहीं करना चाहती। केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रशासनिक अधिकार विश्वविद्यालय के पास ही होता है। सरकार विश्वविद्यालय के प्रशासनिक मामले में दखल नहीं देती। हमें रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।’

No comments: