Monday, January 18, 2016

अलकायदा के दो आतंकवादी गिरफ्तार


नई दिल्ली (सं.सू.)। आतंकी संगठन अलकायदा से संबंध होने के शक में हरियाणा के मेवात से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मेवात पुलिस के मुताबिक दोनों को दिल्ली पुलिस और इंटेलीजेंस ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों में मुहम्मद कासिम और अब्दुल सामी शामिल हैं। दोनों झारखंड में जमशेदपुर के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक कासिम और सामी मुस्लिम बहुल जिला मेवात के पुन्हाना में दो दिन पहले पहुंचे थे और एक मस्जिद में ठहरे थे।

माना जा रहा है कि अलकायदा इन इंडियन सब कांटिनेंट (एक्यूआइएस) से जुड़े हुए हैं। दोनों पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर मनसेरा में अलकायदा के आतंकी कैंप में हथियारों का प्रशिक्षण ले चुके हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने सिर्फ सामी की गिरफ्तारी की ही पुष्टि की है। स्पेशल सेल ने सोमवार को सामी को दिल्ली की एक निचली अदालत में पेश किया।

अदालत ने उसे एक फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में दे दिया है। सामी से पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल चार अन्य आतंकियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें एक्यूआइएस का भारत चीफ मोहम्मद आसिफ व जफर मसूद शामिल हैं। इनके अलावा ओडिशा के कटक से मौलाना अब्दुल रहमान व बेंगलुरु से मौलाना अंजार शाह को गिरफ्तार किया गया है। स्पेशल सेल के विशेष आयुक्त अरविंद दीप के मुताबिक मेवात के पुन्हाना से गिरफ्तार किया गया सामी (32) मूलरूप से जमशेदपुर का रहने वाला है। वह 2001 से कटक में मदरसा चलाने वाले मौलाना अब्दुल रहमान के संपर्क में था। वही इसे 2014 में दुबई के रास्ते पाकिस्तान ले गया था।

No comments: