Saturday, January 16, 2016

शर्मनाक,राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिना जूते के दौड़ी बिहार की खिलाड़ी

पटना (सं.सू.)। बिहार सरकार और बिहार में खेल से जुड़े अधिकारियों को ना तो टीम के प्रदर्शन और ना खिलाड़ियों की चिंता है। वे खिलाड़ियों को साधन संपन्न बनाने से अधिक अपनी जेब गर्म करने में रहते हैं। यही कारण है कि बिना जूते और किट के बिहार की एथलेटिक्स टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने पुणे भेज दिया गया। फिर भी बिहार की टीम प्रतियोगिता में सातवें स्थान पर रही।

यह कहना है 9 व 10 जनवरी 2016 को पुणे में आयोजित नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाली बेबी कुमारी था। धर्मपुर दाखिली निवासी बिहारी राय की बेटी बेबी स्थानीय एएनडी कॉलेज की छात्रा है। बेबी 2015 में ललित नारायण मिथिला विवि की एथलेटिक्स चैम्पियन रही है।

बेबी ने बताया कि बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन ने 30 खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए भेजा था। खिलाड़ियों को सिर्फ पटना से आने-जाने के लिए ट्रेन की टिकटें मिलीं थी। उनके खाने तक की व्यवस्था नहीं की गई। खिलाड़ियों को खेल किट भी नहीं दिया गया। पुणे जाने से पूर्व खिलाड़ियों के लिए अभ्यास शिविर भी नहीं लगा।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बिना जूते के ही खिलाड़ियों को दौड़ना पड़ा। उस वक्त काफी ग्लानी हुई जब अन्य राज्यों के खिलाड़ी पूरी किट लेकर पहुंचे थे। उन्हें भोजन के अलावा अन्य खर्च भी दिये गये थे। बेबी ने बताया कि कई खिलाड़ी प्रतियोगिता से वंचित रह गए। कारण एसोसिएशन ने उनके कागजात ठीक से नहीं भरे थे। पैसे के अभाव में खिलाड़ियों को वहां भूखे रहना पड़ा।

बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सलीम परवेज ने बताया कि उन्होंने टीम मैनेजर निर्मल ठाकुर को खिलाड़ियों के लिए राशि दे दी थी। राष्ट्रीयस्तर के आयोजनों में आयोजक भोजन की व्यवस्था करते हैं। पुणे में ऐसा नहीं हुआ तो वे इसकी शिकायत इंडियन एथलेटिक्स एसोसिएशन से करेंगे। कुछ कारणवश इस वर्ष खिलाड़ियों को किट नहीं दी जा सकी। अगली बार से खेल किट उपलब्ध करायी जाएगी।

No comments: