कोलकाता (सं.सू.)। कोलकाता से गिरफ्तार आईएसआई एजेन्ट अख्तर खान के भाई जफर खान को भी कोलकाता पुलिस की एसटीएफ ने गिरफ्तार किया। जफर पार्क स्ट्रीट के कॉलिन स्ट्रीट में रहता था। एसटीएफ का कहना है कि अख्तर के साथ जफर भी पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करता था। जफर के सीमा पार बैठे आईएसआई के कमांडरो से सीधे संपर्क हैं। उसके पास से पाकिस्तानी पासपोर्ट और देश की सुरक्षा से संबंधित कुछ संदिग्ध सूचनाएं मिली हैं। उनकी जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार वर्ष 2003 से 2009 तक छह साल जफर अख्तर के साथ कराची में रह चुका है। उसे भी आईएसआई ने प्रशिक्षित किया है। दोनों भाई कोलकाता और पश्चिम बंगाल स्थित सैन्य छावनी व सीमा पर पहरेदारी तथा महत्वपूर्ण ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों की सूचना जुटा रहे थे। कई महत्वपूर्ण सूचनाओं को पाकिस्तान भेजा भी गया है।
एसटीएफ जफर और अख्तर दोनों से कड़ी पूछताछ कर रही है। मंगलवार को जफर को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसटीएफ अदालत से जफर के लिए भी रिमांड की मांग करेंगी। उल्लेखनीय है कि शनिवार की शाम मध्य कोलकाता के कोल्हूटोला इलाके से एसटीएफ ने अख्तर को गिरफ्तार किया था। संदेह के आधार पर एसटीएफ ने सोमवार को अख्तर के भाई जफर को लालबाजार पूछताछ के लिए बुलाया था। पूछताछ में कई तरह की विसंगतियां मिलने के बाद जफर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अख्तर और जफर दोनों पर भारतीय दंड विधान (भा.द.वि.) की धारा 120 बी/121/121ए/122/48 9बी/489 सी के तहत मामला दर्ज किया गया है। इधर पुलिस अधिकारी दोनों से पूछताछ कर दोनों के अन्य सहयोगियों के बार में पता लगा रहे हैं।


No comments:
Post a Comment