Thursday, November 19, 2015

आजम ने रेप पीड़िता से कहा, बदनामी से शोहरत लोगी तो दुनिया को शक्ल कैसे दिखाओगी

कानपुर (सं.सू.)। अपने बयानों के लिए विवादों में रहने वाले यूपी के कद्दावर मंत्री आजम खान ने अब रेप पीड़ित को लेकर विवादित बयान दिया है। आजम खान कानपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान मंच से उन्होंने एक रेप पीड़ित पर निशाना साधा।

दरअसल, रेप पीड़ित महिला एक महिला वकील के साथ यहां आई थी और आजम खान से मिलकर अपनी शिकायत करना चाहती थी लेकिन कार्यक्रम के आयोजकों ने उसे रोक लिया। इस पर कार्यक्रम में थोड़ा हंगामा हुआ। इसी बात को लेकर शायद आजम खान रेप पीड़ित महिला से नाराज हो गए।

उन्होंने मंच से ही पीड़ित महिला पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन बहनों ने अव्यवस्था फैलाई है, हम उनका मेमोरेंडम लेकर जाएंगे लेकिन उन्हें यहां से शोहरत जरूर मिल गई है। यही नहीं आजम ने ये भी कहा कि उनकी जो शिकायत है वो बदनामी की शिकायत है। अगर वो इस बदनामी को इतनी शोहरत देंगी तो जमाने को शक्ल कैसे दिखाएंगी?  हालांकि बाद में उन्होंने दूसरी बात कही। मैं अभी पूरी वजह नहीं जान पाया हूं लेकिन जिस बहन ने यहां बड़ा हल्ला किया है उससे मैंने यह अंदाजा लगा लिया है कि बात जरूर गंभीर होगी।

जाहिर है आजम खान की इस टिप्पणी के बाद रेप पीड़ित महिला की नाराजगी और बढ़ गई। पीड़ित महिला का कहना है आजम खान ने उनके लिए अपशब्द कहे हैं और अब वो आजम खान से कभी नहीं मिलेंगी। रेप पीडिता ने बताया कि जब वह अपने पति के साथ कहीं जा रही थी तो बदमाशों ने चाकू दिखाकर उसे गाड़ी में जबरदस्ती बिठा लिया और उसके साथ रेप किया और फिर सब्जी मंडी में छोड़कर भाग गए। पीड़िता ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में सिर्फ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है।

वहीं आजम खान के इस बयान की काफी निंदा हो रही है। सामाजिक कार्यकर्ता शामीना शाफिक ने कहा कि इस प्रकार के बयान से लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। अखिलेश यादव को देखना चाहिए कि ये राज्य में न हो और उन्हें अपने नेताओं पर लगाम लगाना चाहिए।

No comments: