Thursday, November 19, 2015

राकेश के घर पसरा मातमी सन्नाटा,परिजनों ने लगाया पुलिस पर बर्बर हत्या का आरोप

लालगंज (सं.सू.)। लालगंज में बुधवार को पुलिस-पब्लिक के बीच हुई हिंसक भिड़ंत में गोली लगने से जान गंवा बैठे अताउल्लापुर गांव के राकेश के घर मातम छाया हुआ है। मृतक राकेश की मां तारा देवी की आंखों के आंसू रोते-रोते सूख चुके हैं। वह पत्थर बन गई है। बहन प्रियंका का भी रोते-रोते बुरा हाल है। मां न तो कुछ बोल पा रही है और न ही रो पा रही है। उसे अब भी भरोसा नहीं हो रहा कि उसके बेटे की मौत हो चुकी है। जैसे ही साइकिल या मोटरसाइकिल की आवाज आती है, वह घर से बाहर निकल कर लोगों से पूछती है कि राकेश आया क्या? वह अभी भी अपने बेटे के आने के इंतजार में है। मृतक का भाई मुकेश एवं अन्य परिजनों का भी वही हाल है।

परिजनों ने बताया कि राकेश छठ का प्रसाद खाकर सुबह 8 बजे अपनी दुकान पर गया था। अताउल्लापुर मठ पर उसकी पान की दुकान थी। वह अपनी दुकान का सामान लाने बाजार जा रहा था कि पुलिस की गोली का शिकार हो गया। परिजनों का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने नाबालिग को गोली मार दी। उसके बाद भी उनका मन नहीं भरा, तो राकेश को घसीटते हुए ले जाकर बोरे में बंद कर दिया। घायल बेटे के बारे में पूछने पर भी पुलिस कुछ नहीं बता रही थी। इसी में एक घंटा समय बर्बाद हो गया। गोली लगने के तुरंत बाद यदि उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जाता तो शायद उसकी जान बच जाती। इसे लेकर परिजनों और ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।

No comments: