Tuesday, November 24, 2015

तुर्की ने गिराया रूसी विमान,अमेरिका ने किया तुर्की का पक्ष

अंकारा (सं.सू.)। सीरिया में मास्को की दखल से नाखुश तुर्की ने मंगलवार को सीरिया की सीमा के निकट रूस के एक लड़ाकू विमान एसयू-24 को मार गिराया। इस घटना के बाद तुर्की और रूस में तनातनी चरम पर पहुंच गई है। गुस्साए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने तुर्की को द्विपक्षीय रिश्तों में गंभीर खामियाजा भुगतने की चेतावनी तक दे डाली। उन्होंने तुर्की पर आइएस के साथ मिलीभगत का आरोप तक लगा दिया। रूस के विदेश मंत्री सर्जेई लावरोव ने बुधवार को प्रस्तावित तुर्की दौरा रद कर दिया। तुर्की के पीएम अहमत दाउतोग्लू ने भी तल्ख लहजे में कहा, ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हम सभी जरूरी कदम उठाएंगे।’ राष्ट्रपति तैय्यप एरदोगन ने भी शीर्ष सैन्य कमांडरों के साथ बैठक की। घटना को लेकर नाटो देशों के राजदूतों ने भी तुर्की की राजधानी अंकारा में आपात बैठक की। पिछले महीने रूस के एक यात्री विमान को सीरिया के सिनाई क्षेत्र में उड़ा दिया गया था। आइएस ने उसे मार गिराने का दावा किया था।

तुर्की का आरोप है कि दो रूसी विमान पांच मिनट के अंतराल में हवाई सीमा का उल्लंघन करते हुए उसके क्षेत्र में घुस आए। दस चेतावनी के बाद एक तो भाग गया, जबकि दो एफ-16 विमानों ने दूसरे रूसी विमान का पीछा कर उसे हताय प्रांत के सीमावर्ती यालिडाग जिले के ऊपर मार गिराया। वहीं रूस का कहना है कि विमान सीरियाई क्षेत्र में ही था। मलबा तुर्की सीमा से चार किमी अंदर सीरियाई इलाके में गिरा। रूस ने सीरिया के लताकिया प्रांत के पास एक युद्धपोत तैनात करने की घोषणा की है।

वीडियो में रूसी विमान को आग के गोले में तब्दील होते और पैराशूट की मदद से दो पायलट बाहर निकलते दिख रहे हैं। तुर्की मीडिया के अनुसार पैराशूट से उतरे एक पायलट को असद विरोधी फौज ने कब्जे में कर लिया है। जबकि दूसरा पायलट इस दौरान हुई गोलीबारी में गया। विद्रोहियों ने पायलटों को खोज रहे एक रूसी हेलीकॉप्टर को भी मार गिराने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि हम रूसी पायलट के शव के बदले हम सीरिया सरकार की कैद में चल रहे अपने साथियों की रिहाई का सौदा करेंगे।

उधर अमेरिका ने तुर्की द्वारा रूस पर लगाए गए आरोपों को सही बताते हुए तुर्क कार्रवाई का समर्थन किया है। 

No comments: