Sunday, November 8, 2015

आडवाणी 88 साल के हुए, मोदी ने उन्हें ‘‘मार्गदर्शक’’, ‘‘महान शिक्षक’’ बताया

नई दिल्ली (सं.सू.)। बीजेपी के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी आज 88 साल के हो गए और उन्हें प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी सहित कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। मोदी ने उन्हें जन्मदिन पर पार्टी का ‘‘मार्गदर्शक’’ और ‘‘सबसे अच्छा शिक्षक’’ बताया।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित विभिन्न हस्तियों ने आडवाणी को शुभकामनाएं दीं।

आडवाणी को मार्गदर्शक और प्रेरणादायक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके आवास पर गए और उन्हें शुभकामनाएं दीं। बीजेपी प्रमुख अमित शाह ने भी आडवाणी को बधाई दी और मोदी के साथ उनके आवास पर उपस्थित रहे।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने भी पूर्व उपप्रधानमंत्री को फोन कर उन्हें बधाई दी।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा कई अन्य नेताओं ने भी आडवाणी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति मुखर्जी, उपराष्ट्रपति अंसारी और सोनिया गांधी ने शुभकामना पत्र के साथ फूलों का गुलदस्ता आडवाणी के आवास पर भेजा।

मोदी ने वरिष्ठ नेता की प्रशंसा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘अपने मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत आदरणीय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की ढेरों बधाइयां। मैं कामना करता हूं कि आडवाणी जी दीर्घायु हों।’’ उन्होंने कहा, ‘‘देश के प्रति आडवाणी जी का योगदान अमूल्य है। उनका हमेशा से ज्ञानी एवं ईमानदार व्यक्ति के तौर पर सम्मान होता रहा है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने निजी तौर पर आडवाणी जी से काफी कुछ सीखा है। हमारी तरह के कार्यकर्ताओं के लिए वह बेहतर शिक्षक हैं।’

No comments: