Tuesday, November 3, 2015

भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने शाहरुख खान को कहा देशद्रोही

भोपाल (सं.सू.)। मध्य प्रदेश भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि शाहरुख खान का मन सदा पाकिस्तान में रहता है।

भाजपा महासचिव ने एक के बाद एक पांच ट्वीट कर शाहरुख को अपने निशाने पर लिया। विजयवर्गीय ने अपने पहले ट्वीट में कहा, 'शाहरुख़ खान रहते भारत में हैं पर उनका मन सदा पाकिस्तान में रहता है। उनकी फिल्में यहां कमाती है, पर उन्हें भारत असहिष्णु नजर आता है।'

दूसरे ट्वीट में विजयवर्गीय ने अपनी इसी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'यह देशद्रोह नहीं तो क्या? भारत संयुक्त राष्ट्र का स्थाई सदस्य बनने को है, पाक समेत सभी भारत विरोधी ताकते इसके विरुद्ध षड्यंत्र रच रही है।

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, भारत मे असहिष्णुता का माहौल बनाना षडयंत्र का हिस्सा है। शाहरुख़ ने 'असहिष्णुता का राग' पाक व भारत विरोधी ताकतों के सुर में सुर मिलाना है।
BJP के राष्ट्रीय महासचिव बोले- शाहरुख़ खान का मन सदा पाकिस्तान में रहता है  

उन्होंने मुंबई बम धमाकों का जिक्र करते हुए कहा, 'जब 1993 में बॉम्बे में सैकड़ों लोग मारे गये तब शाहरुख़ खान कहां थे? जब मुम्बई पर 26/11 को हमला हुआ तब शाहरुख़ कहां थे?

आखिरी ट्वीट में उन्होंने कहा, आज सारी दुनिया भारत व उसके नेतृत्व का मान कर रही है, ऐसे में यहां असहिष्णुता बढ़ने की बात करना, दुनिया के समक्ष भारत को कमजोर करना होगा।

दरअसल, शाहरुख खान ने 50वें जन्मदिन पर एक टीवी चैनल को इंटरव्यू दिया था। शाहरुख खान ने 'बढती असहिष्णुता' और फिल्मकारों, वैज्ञानिकों एवं लेखकों द्वारा पुरस्कार लौटाए जाने पर कहा कि वह 'प्रतीकात्मक रुख' के तौर पर अपना पुरस्कार लौटाने में नहीं हिचकेंगे लेकिन उनको महसूस होता है कि उन्हें ऐसा नहीं करना है।

https://twitter.com/KailashOnline/status/661529104735277056 

No comments: