Tuesday, November 17, 2015

बुर्के में आए लोगों ने चित्तूर की मेयर को दिनदहाड़े मारी गोली


चित्तूर (सं.सू.)। आंध्र प्रदेश के चित्तूर की मेयर कटारी अनुराधा की मंगलवार दोपहर गोली मार कर हत्या कर दी गई। हमले में उनके पति को भी गोली लगी है जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर बुर्के में नगर निगम के ऑफिस में दाखिल हुए थे। बताया जा रहा है कि निगम दफ्तर में घुसते ही 3-4 हथियारों से लैस बदमाशों ने अनुराधा और उनके पति पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, मेयर की हत्या के पीछे बेंगलुरु के सुपारी किलर्स का हाथ हो सकता है। शुरुआती जांच में पुलिस उनकी पार्टी के ही किसी नेता का भी हाथ मान रही है। आंध्र प्रदेश के एडिशनल डायरेक्टर जनरल आर पी ठाकुर ने बताया कि मेयर और उनके पति पर हमला करने के पीछे क्या कारण रहा है, इसकी जांच की जा रही है, हमलावरों ने अनुराधा के पति पर तलवार से भी हमला किया है।

विदित हो कि मेयर अनुराधा और उनके पति तेलुगु देशम पार्टी (TDP) से जुड़े थे। ये भी जानकारी मिली है कि अनुराधा और उनके पति मोहन का परिवार के साथ संपत्ति को लेकर विवाद था। मेयर के पति कटारी मोहन पर पूर्व विधायक सीके बाबू पर जानलेवा हमले का आरोप था। चित्तूर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडु का गृह जिला है।

No comments: