Monday, November 16, 2015

सिवान के 'साहेब' के दर पर मत्था टेकने पहुँची सरकार

भागलपुर (सं.सू.)। विशेष केंद्रीय कारा (कैंप जेल) में बंद सिवान के 'साहेब' और कुख्यात अपराधी मो. शहाबुद्दीन से सिवान, मोतिहारी एवं भागलपुर के कई राजद एवं जदयू के नेताओं ने सोमवार को मुलाकात की। विधानसभा चुनाव में मिली जीत के लिए इन नेताओं ने शाहबुद्दीन को श्रेय दिया।

सिवान से पूर्व विधान पार्षद परमात्मा राम ने कहा कि मंत्रिमंडल में सिवान के विधायकों को जगह देने का फैसला राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लेंगे। इसलिए इस बारे में कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। उन्होंने बताया कि आगामी 20 नवंबर को सिवान कोर्ट में तेजाब कांड के मामले की सुनवाई होने वाली है। कोर्ट में पेशी के लिए मो. शहाबुद्दीन को 20 तारीख को भागलपुर से सिवान ले जाया जा सकता है।

शहाबुद्दीन से मुलाकात करने वालों में मोतिहारी ढाका के विधायक फैजल रहमान, सिवान के राजद जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधान पार्षद परमात्मा राम, सिवान जिले के भटनी पंचायत के मुखिया पवन यादव व पूर्व मुखिया अवधेश गुप्ता, सिवान कसीला के मुखिया शत्रुघ्न दूबे, पंचायत समिति सदस्य अमानत अंसारी, राजद जिला सचिव शरीफ खां, गुथनी प्रखंड अध्यक्ष हरिचंदर जायसवाल, दरौली पैक्स अध्यक्ष रवींद्र यादव, राजद नेता वसीहर यादव समेत कई लोग शामिल थे। वहीं मोतिहारी ढाका से नवनिर्वाचित राजद विधायक मु. फैजल रहमान व भागलपुर के राजद जिलाध्यक्ष डॉ. तिरुपतिनाथ ने भी कैंप जेल में शहाबुद्दीन से मुलाकात की।

विदित हो कि चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सिवान में जनता को चेताया था कि अगर महागठबंधन जीतता है तो शहाबुद्दीन खुश होंगे।

No comments: