Sunday, November 15, 2015

सीरियाई शरणार्थी निकला पेरिस का आतंकवादी

 पेरिस (सं.सू.)। पेरिस आतंकी हमले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस ने दूसरे आतंकी की भी पहचान कर ली है। उसका नाम अहमद अलमुहम्मद (25 वर्ष) बताया गया है। खास बात यह है कि इस आतंकी के पास से सीरियाई पासपोर्ट मिला है और वह शरणार्थी बनकर यूरोप के रास्ते ग्रीस में घुसा था।

इससे पहले एक आतंकी की पहचान उमर इस्माइल मोस्तफई के रूप में की गई है। इस बीच खबर है कि पुलिस ने वह कार भी जब्त कर ली है, जिसमेें बैठकर आतंकी पेरिस में घुसे थे। कुल मिलाकर छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

अहमद ने अपने साथी के साथ मिलकर बैटाकलां कन्सर्ट हॉल में कत्लेआम मचाया था। करीब अस्सी लोगों को मौत के घाट उतारने के बाद उसने खुद को उड़ा लिया था।

स्थानीय अखबारों के मुताबिक, अहमद बीती 3 अक्टूबर को यूपोप के रास्ते ग्रीस और वहां से पेरिस आया था। उसने खुद को शरणार्थी बताया था।

पुलिस ने जानकारी जुटाई है कि पिछले माह दो सीरियाई शरणार्थी ग्रीस आए थे। दावा किया जा रहा है कि सात हमलावरों में ये दो भी शामिल थे। इनमें से एक की उम्र महज 15 साल थी।

No comments: