Tuesday, November 3, 2015

हाजीपुर मंडल कारा में कैदियों को नहीं मिल रहा सही ढंग से भोजन

हाजीपुर (सं.सू.)। हाजीपुर मंडल कारा में बंद सभी कैदियों को जेल प्रशासन द्वारा सही ढंग से भोजन भी नहीं दिया जा रहा है। साथ ही कैदियों को दूसरे जेल में ट्रांसफर करने की भी धमकी दी जा रही है। सैकड़ों कैदियों ने इसकी शिकायत पटना के कारा महानिरीक्षक एवं वैशाली के डीएम से की है। वैशाली डीएम को दिए गए ज्ञापन में कैदियों ने कहा है कि कारा महानिरीक्षक के आदेशानुसार जो भोजन तालिका तय की गयी है। उस तालिका के अनुसार किसी दिन भी यहां के कैदियों को भोजन नहीं दिया जाता है। यहां तक कि भोजन तालिका का विवरण जेल के अंदर कहीं भी नहीं लगाया गया है।

कैदियों ने यह भी कहा है कि इसकी शिकायत जेल प्रशासन से कई बार की गयी। लेकिन आज तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। यहां तक कि जेल प्रशासन द्वारा उल्टे दूसरे जेल में ट्रांसफर करने की धमकी कैदियों को दी जाती है। डीएम को दिए गए ज्ञापन में अरविंद राय, अनिल कुमार सिंह, शशि कुमार सिंह, शशि रंजन सिंह, विजय कुमार, राजेश कुमार, संतोष सिंह एवं अरूण सिंह आदि सैकड़ों कैदियों के हस्ताक्षर है।

No comments: