Tuesday, December 29, 2015

शादी के एक हफ्ते बाद ही हुआ बच्चा


हाजीपुर (सं.सू.)। शादी हुए अभी महज सात दिन ही गुजरे थे कि दुल्हन ने एक बेटे को जन्म दिया। इसका पता चलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। अब दुल्हा अपनी दुल्हन को रखने के लिए तैयार नही है। घटना वैशाली जिले के सराय की है।
वैशाली के सराय निवासी अभय कुमार की शादी अगवा करने के बाद मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र के मनोहर पट्टी गांव में कर दी गई। शादी के पहले अभय को मालूम नहीं था कि उसकी पत्नी गर्भवती है। जब दुल्हन शादी के बाद सराय पहुंची तो इसका पता चला। शादी के ठीक सात दिनों बाद उसने एक लड़के को जन्म दिया।
यह खबर जैसे ही लोगों को मिली, पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ससुराल वालों का आरोप है कि युवती पहले से गर्भवती थी, लेकिन मायके वालों ने इस पर पर्दा डालते हुए उसकी जबरन शादी करा दी।
दुल्हा अभय कुमार का कहना है कि उसे झांसा देकर 20 दिसंबर को मुजफ्फरपुर बुलाया गया और फिर बंधक बनाकर उसकी जबरन शादी करा दी गयी। शादी से इंकार करने पर उसके साथ मारपीट भी की गयी, लिहाजा उसके सामने कोई और चारा नहीं था।
अब दुल्हन के मां बनने के बाद दुल्हा उसे कतई रखने को तैयार नहीं है। दुल्हा की मानें तो उसकी दुल्हन का अपने पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ पहले से प्रेम-प्रसंग था। जब घरवालों को इस बात का पता चला तो उन्होंने उसकी जबरन शादी करा दी। अभय के अनुसार अब दुल्हन पक्ष वाले उसके परिवार को बार-बार धमकी देकर दुल्हन को रखने की बात कह रहे हैं।


No comments: