Friday, December 11, 2015

बुलेट ट्रेन जैसी है मोदी की नीतियां लागू करने की स्पीड-शिंजो आबे

नई दिल्ली (सं.सू.)। भारत की यात्रा पर आए जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे की आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दिल्ली के हैदराबाद हाउस में औपचारिक मुलाकात हुई। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में दोनों नेताओं के बीच आपसी सहमति के तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई।

इससे पहले शनिवार सुबह भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के पीएम शिंजो आबे ने बिजनेस लीडर्स फोरम को संबोधित किया। इस फोरम में शिंजो आबे ने मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि 'नीतियां लागू करने में पीएम मोदी की रफ्तार बुलेट ट्रेन जैसी ही है। मोदी की आर्थिक नीतियां शिंकानसेन जैसी हैं- हाई स्पीड, सुरक्षित, भरोसेमंद और बहुत से लोगों को साथ लेकर चलने वाली।'

मोदी ने निवेशकों को भारत में ज्यादा से ज्यादा निवेश करने का न्योता देते हुए कहा कि भारत संभावनाओं का देश है। भारत में मेक इन इंडिया के तौर पर काम करना समझ आता है, लेकिन आज जापान में भी मेक इन इंडिया चल रहा है। यह हमारे इस मिशन की सफलता है। उन्होंने बताया कि जापान पहली बार हमसे कार आयात करेगा।

शिंजो आबे ने कहा कि मजबूत भारत जापान के लिए भी अच्छा है। वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि भारत को सिर्फ हाई स्पीड ट्रेन ही नहीं, हाई स्पीड ग्रोथ भी चाहिए। मोदी ने भारत और जापान की दोस्ती का परिचय देते हुए कहा कि भारत के हर टर्निंग पॉइंट पर जापान उसके साथ खड़ा हुआ दिखाई देता है।

जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाएंगे। गंगा की अथाह धारा, धार्मिक धरोहर और आस्था की विरासत को संजोए ये शहर अपने खास मेहमान की अगवानी का इंतजार कर रहा है। आबे यहां गंगा की आरती में हिस्सा लेंगे। इसके लिए दशाश्वमेध घाट पर तैयारियां चल रही हैं।

भारत-जापान दोस्ती की नई इबारत लिखने जा रहे हैं। आबे और मोदी की शिखर वार्ता के दौरान बुलेट ट्रेन पर मुहर लग सकती है। इस सबके बीच शिंजो के स्वागत में काशी ने पलक-पांवड़े बिछा दिए हैं। मोदी बनारस को क्योटो की तर्ज पर विकसित करना चाहते हैं। वे शाम चार बजे वाराणसी पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से दोनों होटल गेटवे जाएंगे और करीब पौने छह बजे दशाश्वमेध घाट पहुंचेंगे।

यह रहेगा कार्यक्रम
5.45 बजे दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में हिस्सा लेंगे।
6.30 बजे दोनों होटल पहुंचेंगे, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
7 से 8 बजे के बीच होटल में डिनर कार्यक्रम रखा गया है।
8.30 बजे दोनों नेता बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे।
8.40 बजे दोनों दिल्ली लौट जाएंग।

दिसंबर की ठंडी शाम और महाआरती की चकाचौंध करने वाली छटा, जाहिर है जुगलबंदी कुछ खास होगी तो तैयारी भी बढ़-चढकर हो रही है। पूरे गंगा घाट को फूलों से सजाया गया है। कोलकाता से दो ट्रक फूल मंगाए गए हैं और 70 कारीगरों की टीम साज-सज्जा में लगी है। पूरे शहर पर सफाईगीरी की झाड़ू चल रही हैं। नगर निगम के साथ-साथ नेताओं की बिरादरी ने भी हाथों में झाड़ू थाम ली है। सड़कों की शक्ल बदली जा रही है। गड्ढे भरे जा रहे हैं।

No comments: