Wednesday, November 11, 2015

मोदी के खिलाफ अभियान चलाने वाले हसन सुरूर बाल यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार

लंदन (सं.सू.)। भारतीय मूल के 65 साला ब्रिटिश जर्नलिस्ट हसन सुरूर को एक बच्ची का यौन शोषण करने की नीयत रखने के आरोप में अरेस्ट किया गया है। हसन सुरूर इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी यात्रा के विरोध में अभियान चला रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक चाइल्ड राइट्स ग्रुप ने हसन का स्टिंग किया था। स्टिंग में सुरूर ने बच्ची से मिलने की बात से इनकार नहीं किया है। बता दें कि 65 साल के हसन भारत के भी कई मीडिया समूहों के लिए कॉलम लिखते हैं। वे ब्रिटिश मीडिया में जाना-पहचाना नाम हैं।
एंटी-पीडोफीलिया ग्रुप अननोन टीवी ने अपने फेसबुक पेज पर स्टिंग का वीडियो पोस्ट किया है। इसमें हसन यह बात कबूल कर रहे हैं कि वे 9 नवंबर को चेल्सी से लंदन के डेप्टफोर्ड ब्रिज के डीएलआर स्टेशन में 14 साल की एक बच्ची से मिलने गए थे। 
स्टिंग में ग्रुप के मेंबर हसन पर आरोप लगा रहे हैं कि वे गलत नीयत से बच्ची से मिलने गए थे।  लेकिन हसन को अपनी सफाई में यह कहते हुए सुना जा रहा है, ‘‘देखो! मैं बच्ची से यह कहने की कोशिश कर रहा था कि मैं तुमसे उम्र में काफी बड़ा हूं। मैंने यह नहीं कहा कि मैं उससे सेक्स करना चाहता हूं।''
 वीडियो में दिख रहा है कि हसन ग्रुप के मेंबर्स को माफ करने के लिए कह रहे हैं। साथ ही, यह भी कह रहे हैं, "मैं इससे (बच्ची से मिलने के आरोप) इनकार नहीं कर रहा हूं। क्या आप मुझे वॉर्निंग देकर नहीं छोड़ सकते?''
ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक, हसन ने बच्ची का शोषण नहीं किया। वे सिर्फ बच्ची से मिलने गए थे जो नाबालिग थी। लेकिन एंटी-पीडोफीलिया ग्रुप की शिकायत पर ब्रिटेन की पुलिस ने हसन को बच्ची से गलत नीयत से मिलने के आरोप में अरेस्ट कर लिया। उन्हें गुरुवार को वेस्ट मिंस्टर मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि रेलवे स्टेशन के पास से हसन को अरेस्ट कर लिया गया। इस बारे में अभी तक हसन की ओर से कोई बयान नहीं आया है।

No comments: