Thursday, November 12, 2015

शराब व्यवसायी के भतीजे की गोली मारकर हत्या


हाजीपुर (सं.सू,)। शहर के शराब व्यवसायी के भतीजे की मंगलवार की रात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने काफी नजदीक से युवक की आंख में गोली मारी थी। मृतक 17 वर्षीय नीतेश कुमार सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कलां पूर्वी गांव निवासी कपिल राय का पुत्र था। वह मंगलवार की रात 9 बजे के आसपास कुछ साथियों के साथ वह घर से बाहर गया था। बुधवार की सुबह गांव में ही एक लॉज के पास उसकी लाश मिली। सूचना पर पहुंची सदर थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में परिजनों ने तीन नामजद व दो अज्ञात सहित पांच लोगों को आरोपित किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात नीतेश अपने घर पर था। लगभग नौ बजे उसके कुछ साथी उसे बुलाकर अपने साथ ले गये। देर रात तक जब नीतेश घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी। रात्रि में उसकी काफी खोजबीन की गयी लेकिन पता नहीं चल सका। इसकी सूचना सदर थाने की पुलिस को भी दी गयी। बुधवार की सुबह गांव के ही महताब राय के बथान के समीप स्थित एक लॉज के पास सुनसान स्थान पर पड़े एक युवक के शव पर ग्रामीणों की नजर पड़ी।

इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गयी। शव की पहचान नीतेश के रूप में की गयी। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। मृतक के पिता टेम्पो स्टैंड में काम करते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के दौरान थोड़ी देर के लिए परिजनों ने हंगामा भी किया। लेकिन बाद में एएसपी व सिविल सर्जन के समझाने के बाद सभी शांत हुए। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में मृतक की मां गीता देवी ने गीता देवी ने राजेंद्र राय के पुत्र शातिर विशाल कुमार उर्फ पुटिया, राजू राय के पुत्र रोहित कुमार एवं बद्री राय के पुत्र गो¨वदा को नामजद एवं दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस मामले के विभिन्न बिंदुओं की जांच कर रही है। पुलिस इसे गैंगवार के साथ-साथ दोस्तों के बीच शराब व जुआ को लेकर हुए आपसी विवाद से भी जोड़कर देख रही है।

No comments: