Monday, November 16, 2015

पेरिस हमलों का फ्रांस ने दिया करारा जवाब, सीरिया में आईएस के ठिकानों पर ताबड़तोड़ बमबारी

पेरिस (सं.सू.)। पेरिस हमलों का माकूल जवाब देते हुए फ्रांस ने आईएस आतंकियों के ठिकानों पर हवाई हमला किया है। फ्रांस की ओर से ये हमले सीरिया के रक्का शहर पर किए गए हैं। रक्का आईएस आतंकियों के कब्जे में है। यूएई और जॉर्डन से उड़ान भरने वाले फ्रांस के 10 विमानों ने रक्का पर 20 बम गिराए हैं।


मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, हवाई हमले में जिस पहले ठिकाने को नष्ट किया गया, उसका इस्तेमाल दाएश (अरबी में आईएस का नाम) एक कमांड पोस्ट, जिहादियों की नियुक्ति के केंद्र और हथियारों एवं युद्ध सामग्री के डिपो के रूप में किया जाता था। दूसरा ठिकाना आतंकियों के प्रशिक्षण शिविर के रूप में प्रयोग किया जाता था। मंत्रालय ने कहा कि हवाई हमला बोलने के लिए विमान जॉर्डन और संयुक्त अरब अमीरात से रवाना हुए। ये हमले अमेरिकी बलों के साथ तालमेल करते हुए बोले गए। इस हमले में आतंकियों के ट्रेनिंग कैंप और कमांड पोस्ट को निशाना बनाया गया है। फ्रांस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इन हवाई हमलों में सेना की ओर से आईएस के हथियारों के गोदामों को भी निशाना बनाया गया है।


फ्रांस की इस कार्रवाई को पेरिस हमलों की प्रतिक्रिया माना जा रहा है। आईएस आतंकियों की ओर से पेरिस में हुए हमलों में 129 लोगों की मौत हो गई थी और 350 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इन हमलों के बाद फ्रांस सरकार ने साफ किया था कि आईएस आतंकियों पर जारी उसकी कार्रवाई को रोका नहीं जाएगा और ये भविष्य में भी जारी रहेगी।

No comments: